साइबर ठगों ने गोहाना के एक व्यक्ति को क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झाँसा देकर 6 लाख 5 हजार रुपए हड़पे
गोहाना :-4 जनवरी : हरियाणा के सोनीपत में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को मोटे मुनाफे के जाल में फंसा कर 6 लाख 5 हजार रुपए हड़प लिए। उसको क्रिप्टो करेंसी में निवेश के लिए बरगलाया गया था।
गोहाना की चोपड़ा कॉलोनी में रहने वाले समीर मान ने थाना साइबर क्राइम, सोनीपत में दी शिकायत में बताया कि 27 नवंबर को उसके मोबाइल फोन पर मैसेज आया था। उसको वाटसअप के माध्यम से क्रिप्टो करेंसी में निवेश की जानकारी दी गई। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया। उस ग्रुप की एडमिन राधिका सिंह थी। उसकी राधिका से निवेश के बारे में बात होने लगी।
समीर ने बताया कि इसके बाद राधिका ने उसे अपने अन्य साथी से मिलवाया जो उसे निवेश के बारे में जानकारी देता था। राधिका पेमेंट गेटवे देने का काम करती थी। लोगों ने मुझे जितनी अमाउंट उनके द्वारा दिये गये खातों में जमा करवायी, उसका एक कम्पनी के नाम से गारंटी एग्रीमेंट बनाकर उसके पास भेज दिया।
उसने बताया कि उसने इनकी बातों में आकर व फर्जी दस्तावेज के आधार पर उनके द्वारा दिये गये खातों में कुल 6 लाख 5 हजार 149 रुपए जमा करवा दिये। उसने बाद में अपने रुपए वापस देने को कहा तो इन लोगों ने उसके द्वारा जमा कराई गई राशि वापस नहीं की। अब उसे लगातार 8 लाख रुपए और जमा कराने की ध्रामकी दी जा रही है। उसे पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई है।
साइबर थाना के ASI गिरीश के अनुसार पुलिस ने समीर की शिकायत पर अज्ञात ठगों पर धारा 318(4), 338, 336(3), 340, 61 BNS में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इसमें छानबीन कर रही है। जिन खातों में रुपए जमा करवाए गए हैं, उनकी डिटेल खंगाली जा रही है।


