सरकार के खिलाफ बिहार विधानसभा मार्च कर रहे बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस पिटाई में कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए। वहीं, एक बीजेपी नेता की मौत हो गई। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा समेत कई नेता पार्टी कार्यालय पहुंचे। वहां मृतक का शव लाया जाएगा।
पुलिस ने महाराजगंज सांसद जनार्दन सिग्रीवाल को भी लाठी से पीटा और धक्का दिया। इसमें वह घायल हो गए। उनके सिर और चेहरे पर चोट आई है। जनार्दन सिंह सिग्रीवाल IGIMS के प्राइवेट वार्ड -1 में एडमिट हैं। उनका CT स्कैन हुआ है। ब्रेन नॉर्मल है। सांसद को वाई प्लस सुरक्षा मिली हुई है। पिटाई के समय उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे।
बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने रोकने की कोशिश की थी। जब वे नहीं माने तो पहले वाटर कैनन से पानी की बौछार की। आंसू गैस के गोले छोड़े। फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की। पुलिस पर मिर्ची स्प्रे से हमला किया।
विधानसभा परिसर में कई पार्टी विधायक अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। बीजेपी ने सीएम नीतीश कुमार का इस्तीफा मांगा है। कल बीजेपी राजभवन मार्च करेगी।
प्रदर्शन में शामिल भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई। विधानसभा संयोजक डॉ. संजय मिश्रा को कुर्ता फाड़कर पीटा गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को भी पुलिस ने नहीं छोड़ा। पीएमसीएच में 11 से अधिक घायल नेता और कार्यकर्ता भर्ती हैं। पुलिस ने सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को बस में भरकर ले गई। बाद में छोड़ दिया।
सिर में लगी थी चोट, अस्पताल में मौत
पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने बताया कि जहानाबाद के महामंत्री विजय कुमार सिंह को पुलिस ने बुरी तरह से पीटा। उनको नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। सिर में गंभीर चोट थी। उन्हें वहां से गंभीर हालत में पीएमसीएच ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। सुशील मोदी ने कहा कि हमारी महिला कार्यकर्ताओं को भी पीटा गया।
इधर, इस मामले पर पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा कि छज्जूबाग में विजय कुमार सिंह बेहोश मिले थे। उनके शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं है।
• बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार ने अपराधी की तरह मेरे भाई की हत्या करवाई है। बीजेपी इस हत्या का बदला लेगी। जिस तरह लाठी चलवाने का काम किया गया, आंसू गैस चलाने का काम किया गया, इससे स्पष्ट है कि नीतीश कुमार भाजपा के लोगों की हत्या करवाना चाहते हैं।
• लाठीचार्ज पर आरजेडी एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि टिकट कंफर्म करवाने के लिए भी हो सकता है बीजेपी नेता ने खुद को पिटवाया हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जबरन उत्तेजित कीजिएगा तो ये हाल होगा ही।
• जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि कानून का पालन तो करना ही होगा। डाक बंगला का क्षेत्र प्रतिबंधित है। कानून का सम्मान करना चाहिए।
• बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं पर पटना में हुआ लाठीचार्ज राज्य सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा है। महागठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार के किले को बचाने के लिए लोकतंत्र पर हमला कर रही है। जिस व्यक्ति पर चार्जशीट हुई है, उसको बचाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता तक भूल गए हैं।
• नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि हमारे शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हमें खदेड़ा जा रहा है।
• एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट शशिभूषण कुमार और सिपाही पवन पर पत्थर और मिर्ची पाउडर फेंका गया है।
• बीजेपी विधायक नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार लोकतंत्र की हत्या करवा रहे हैं। लाठीचार्ज की जा रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।
• बीजेपी के प्रदर्शन को रोकने के लिए गांधी मैदान से आईटी गोलबंर तक 40 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। गांधी मैदान, डाक बंगला चौराहा, इनकम टैक्स गोलंबर, भाजपा ऑफिस के पास, आर ब्लॉक और विधानसभा के पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
चिराग ने लाठीचार्ज पर उठाया सवाल
जमुई के सांसद और लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने ट्वीट कर लाठीचार्ज पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में चूर मुख्यमंत्री जी की पुलिस ने बिहारियों के हक और अधिकार के लिए लड़ रहे भाजपा के निहत्थे कार्यकर्ता की जान ले ली। बिहार में अघोषित आपातकाल नहीं है तो और क्या है? उन्होंने विजय सिंह की दुःखद मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर शोक संतप्त परिजनों को धैर्य और दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।
झारखंड के पूर्व सीएम बोले- लाठीचार्ज में बीजेपी नेता की मृत्यु लोकतंत्र का काला अध्याय
विजय कुमार सिंह की मौत की खबर सुन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बिहार की निकम्मी महाठगबंधन सरकार ने भाजपा के कार्यकर्ता की हत्या का महापाप किया है। उनकी गलती बस इतनी थी कि वे बिहार सरकार के कुशासन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुए थे। अंग्रेजी हुकूमत की तरह नीतीश सरकार के बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज में बीजेपी नेता की मृत्यु लोकतंत्र का काला अध्याय बन गया है।
बीजेपी ने 10 लाख नौकरी का मांगा हिसाब
बिहार बीजेपी ने इस कार्यक्रम को लेकर एक प्रेस रिलीज भी जारी किया है। इसमें सरकार से 10 लाख लोगों को नौकरी देने का हिसाब मांगा गया है। प्रेस नोट के जरिए सरकार से सवाल किया गया है कि अभी तक कितनी नियुक्तियां हुईं और कितनी प्रोसेस में हैं।
स नोट के जरिए पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि विपक्ष सरकार से लगातार सवाल कर रहा है, लेकिन पिछले तीन दिनों से विधानसभा में सरकार जवाब नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि उल्टे सरकार नियोजित शिक्षकों से परीक्षा देने को कह रही है, जिन्हें 42 हजार रुपए मिल रहे हैं।
बीजेपी नेता का कहना है कि शिक्षकों पर प्रेशर डाला जा रहा है, ताकि वे लोग 28 हजार में नौकरी करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5 लाख 70 हजार नियोजित शिक्षक हैं, जिन्हें सरकार वेतन नहीं दे रही। राज्य कर्मी का दर्जा नहीं दे रही। हम लोग सरकार से जवाब मांग रहे, लेकिन सरकार जवाब देना नहीं चाहती।