गोहाना :- नगर परिषद कर्मचारियों ने गुरूवार को शहर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। कर्मचारियों ने पॉलिथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक रखने पर दो दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया। नपकर्मियों ने दुकानदारों पर एक हजार रुपए जुर्माना किया। कर्मचारियों ने दुकानदारों को पॉलिथिन नहीं रखने की भी चेतावनी दी।
एनजीटी और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट डिपार्टमेंट ने पॉलिथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके चलते शहर में दुकानदार पॉलिथिन का प्रयोग नहीं कर सकते हैं। प्रतिबंध के बावजूद भी अधिकांश दुकानदार प्रतिबंधित पॉलिथिन का प्रयोग करते हैं। ग्राहक भी पॉलिथिन का एक बार प्रयोग करने के बाद उसे कूड़े में फैंक देता है। इससे शहर में प्लास्टिक कचरा बढ़ रहा है।
प्लास्टिक कचरे को जलाकर और दूसरे तरीकों से भी नष्ट नहीं किया जा सकता है। इसके चलते एनजीटी ने इस पर बीते वर्ष प्रतिबंध लगा दिया था। नगर निकाय मुख्यालय ने नगर परिषद को पॉलिथिन का प्रयोग करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए हुए हैं। नगर परिषद को प्रतिमाह पॉलिथिन का प्रयोग करने वालों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी मुख्यालय भेजनी है।



