कामरेड फूल सिंह 5वीं बार बने जन संघर्ष मंच के प्रदेश अध्यक्ष
गोहाना :-18 फरवरी : रविवार को पुराने बस स्टैंड पर स्थित ब्रह्म भवन में जन संघर्ष मंच के 9वें प्रांतीय सम्मेलन का प्रतिनिधि अधिवेशन हुआ। इस अधिवेशन में कामरेड फूल सिंह को लगातार पांचवीं बार सर्वसम्मति से मंच का प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया।
प्रांतीय अधिवेशन का शुभारंभ मंच के प्रदेश सलाहकार डॉ. सी.डी. शर्मा ने किया। नई कार्यकारिणी का गठन दो वर्ष के लिए हुआ।कामरेड पाल सिंह और डॉ.सुनीता त्यागी उपाध्यक्ष, कामरेड सुदेश कुमारी महासचिव, कामरेड रघुबीर विरोधिया को सचिव, कामरेड सुरेश कुमार को सह-सचिव, कामरेड चंद्र रेखा को कोषाध्यक्ष, कामरेड सोमनाथ को प्रवक्ता बनाया गया।
कार्यकारिणी के सदस्य कामरेड नरेश कुमार, कामरेड करनैल सिंह, कामरेड लहणा सिंह, कामरेड सुधीर शास्त्री, कामरेड सूरजभान, कामरेड जोगेंद्र सिंह और कामरेड मेहर सिंह होंगे।
प्रदेश सलाहकार डॉ. सी. डी. शर्मा ने चिंता व्यक्त की कि देश में मेहनतकश जनता पर हमले बढ़ते जा रहे हैं। मोदी सरकार एक तरफ मजदूरों का बेइंतहा शोषण और किसानों की लूट के लिए नीतियां बना रही है, वहीं दूसरी तरफ जनता की आवाज दबाने के लिए दमनकारी कोनून बनाए जा रहे हैं। सांप्रदायिक जहर घोलकर जनता को आपस में लड़वाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहीद भगत सिंह के विचार शोषण दमन की व्यवस्था और पूंजीवाद को उखाड़ फेंकने के लिए मार्गदर्शक हैं।
सम्मेलन में राजनीति में बढ़ते अपराधीकरण, सांप्रदायिकता, जनविरोधी निजीकरण, ठेका प्रथा, महंगाई, बेरोजगारी, दलितों, महिलाओं व अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य की लचर व्यवस्था पर प्रस्ताव पारित हुए।


