हरियाणा के सोनीपत में चिट फंड कंपनी ने 400 लोगों के साथ करीब 50 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। लोन देने के बहाने हर व्यक्ति से 5-5 हजार रुपए अकाउंट में डलवाए गए थे। न तो लोन दिया गया और न ही चेन सिस्टम से बनाए मेंबर के रुपए ही लौटाए गए। पुलिस ने सेक्टर-27 थाना में एक नामजद व 17-18 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 406 व 420 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
देवड़ू गांव के श्रीपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ऑटो ड्राइवर है। दो-ढ़ाई महीने पहले उसे रुपए की जरूरत थी। उसे लोन दिलाने के लिए किरण व मनीषा सिद्धार्थ कॉलोनी में ग्रो प्राइम (M/s GROW PRIME Pvt. Ltd) के ऑफिस में गए। वहां उससे मनीषा ने कहा कि आपका 1 हजार रुपए से खाता खुलेगा और बाद में 4 हजार रुपए डालने होंगे। इससे आपका खाता रिन्यू हो जायेगा। साथ ही आपके अकाउंट में 1 लाख रुपए का लोन हो जाएगा।
श्रीपाल का कहना है कि इसके बाद उसने ग्रो प्राइम कंपनी के साथ 9 और लोगों को जोड़ा। कंपनी ने इन सभी से भी अपने अकाउंट में 5-5 हजार रुपए डलवाए। उनकी ओर से कंपनी में कुल 50 हजार रुपए डलवाए गए। जो गो प्राइम की ऐप पर पेंडिंग सेक्शन में शो हो रहे हैं। उसने बताया कि इसके बाद उसकी जानकार कंचन कल कंपनी के ऑफिस में गई।
वहां पर यूपी के फर्रुखाबाद का अमित अग्निहोत्री, जो कि इस कंपनी का डायरेक्टर है, के साथ 17-18 ओर व्यक्ति थे, जिनमें कुछ महिलाएं भी थी, सब इकट्ठा हो गए। उनके हाव भाव देख कर वह वापस घर आ गई। श्रीपाल का कहना है कि इन सभी ने योजना बना कर करीब 300- 400 लोगों को कंपनी का मेंबर बना कर लोन देने के बहाने धोखाधडी की है। लोगों के करीब 50 लाख रुपए इनकी ओर से हड़पे गए हैं।
शिकायत में कहा गया है कि अमित अग्निहोत्री व इसके 17-18 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इन्होंने जाली-कागजात तैयार करके सभी 300- 400 व्यक्तियों के साथ योजना बनाकर धोखाधडी की है।सभी जाली-रजिस्टर तैयार किये हैं और ग्रो प्राइम ऐप भी फर्जी तैयार की है। उनका पैसा वापस दिलाया जाए।
सेक्टर-27 थाना के SI देवेंद्र के अनुसार पुलिस ने श्रीपाल की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ग्रो प्राइम के डायरेक्ट अमित अग्निहोत्री और 17-18 अन्य के खिलाफ धारा 406 व 420 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही अन्य पीड़ितों के बयान दर्ज होंगे और कंपनी से जुड़े लोगों से पूछताछ की जाएगी।