हरियाणा में जल्द बनेगा पत्रकार सुरक्षा कानून : डॉ इंदु बंसल जैन
भारतीय प्रेस परिषद की सचिव शुभा गुप्ता व उपसचिव सोनिया मल्होत्रा से हुई विस्तृत चर्चा


पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर लंबे समय से संघर्षरत है श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा
नई दिल्ली/चंडीगढ़ -23 अक्टूबर।
हरियाणा के श्रमजीवी पत्रकारों की ट्रेड यूनियन श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा जो लंबे समय से हरियाणा के पत्रकारों के हितों की लड़ाई लड़ता रहा है जिसे आज एक ओर सकारात्मक उपलब्धि हासिल हुई है।
गौरतलब है कि श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा पिछले दिनों पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर हरियाणा के इतिहास का पहला व विशाल महाधरना 22 मार्च 2026 को दिल्ली जंतर मंतर पर दे चुका है साथ ही हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी दे चुका है। श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर हरियाणा के इतिहास का पहला पोस्टकार्ड अभियान चलाया जिसके तहत प्रधानमंत्री मोदी के नाम प्रदेशभर से सैकड़ों पत्रकारों ने पोस्ट कार्ड भेजे।
श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा द्वारा चलाए गए विभिन्न अभियानों व धरने प्रदर्शनों के चलते भारतीय प्रेस परिषद की सचिव शुभा गुप्ता ने आधिकारिक पत्र के माध्यम से आज दिनांक 23 अक्टूबर को श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ इंदु बंसल जैन को डेलीगेट के साथ सूचना भवन लोधी रोड नई दिल्ली वार्ता के लिए आमंत्रित किया।
इस आमंत्रण पत्र को लेकर आज श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ इंदु बंसल जैन ने भारतीय प्रेस परिषद की सचिव शुभा गुप्ता व उपसचिव सोनिया मल्होत्रा से मुलाकात की जहां दोनों पक्षों की वार्ता के बाद शुभा गुप्ता ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवाने साथ ही हरियाणा के श्रमजीवी पत्रकारों का यथा संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर डॉ इंदु बंसल जैन के साथ श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा के डेलीगेट में प्रदेश महासचिव नवीन बंसल व संघ की गोहाना इकाई के कानूनी सलाहकार भूषण अग्रवाल उपस्थित रहे।



