गोहाना के समतामूलक महिला संगठन की प्रदेश संयोजक डॉ. सुनीता त्यागी ने कहा कि-भारत की प्रथम महिला शिक्षिका थीं सावित्री बाई फुले
गोहाना :-3 जनवरी : समतामूलक महिला संगठन की प्रदेश संयोजक डॉ. सुनीता त्यागी ने बुधवार को कहा कि सावित्री बाई फुले भारत की प्रथम महिला शिक्षिका थीं। वह अपने संगठन और जन चेतना मंच के संयुक्त तत्वावधान में हुए जयंती समारोह को संबोधित कर रही थीं।
डॉ. सुनीता त्यागी ने कहा कि सावित्री बाई फुले का जन्म 3 जनवरी 1831 को महाराष्ट्र के सतारा शहर में हुआ। उन्होंने अपने पति महात्मा ज्योतिबा फुले के सहयोग और उनकी प्रेरणा से 1848 में देश के सर्वप्रथम कन्या स्कूल की स्थापना की। सावित्री बाई फुले ने उस समय व्याप्त बाल विवाह और सती प्रथा का डट कर विरोध किया।
समतामूलक महिला संगठन की प्रदेश संयोजक ने कहा कि सावित्री बाई फुले ने 10 मार्च 1897 को प्लेग पीड़ितों की सेवा करते हुए अपने प्राणों का उत्सर्ग कर दिया। दोनों संगठनों के सदस्यों ने बारी-बारी से सावित्री बाई फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर रितु विरोधिया, जया विरोधिया, कमलेश सैनी, रमेश सैनी, रघुबीर विरोधिया, सूरजभान चहल, अशोक जांगड़ा, मदन अत्री, श्याम रहबारी आदि भी मौजूद रहे।


