बुलेट से ‘पटाखा’ बजाने वालों पर ट्रैफिक पुलिस का कड़ा प्रहार, पुलिस आयुक्त सोनीपत के निर्देशानुसार व पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक के नेतृत्व में विशेष अभियान जारी


सोनीपत, 12 मार्च । पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह IPS, ADGP के निर्देशानुसार एवं पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक नरेंद्र कादयान के कुशल मार्गदर्शन में मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर बुलेट मोटरसाइकिल से ‘पटाखा’ बजाने, ध्वनि प्रदूषण फैलाने और आमजन को परेशान करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जिला सोनीपत की यातायात पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
पुलिस प्रवक्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिला सोनीपत में सभी प्रकार के यातायात उल्लंघनों के कुल 17,237 चालान किए जा चुके हैं, जिन पर ₹56,34,600 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
इसी अभियान के तहत बुलेट मोटरसाइकिलों में पटाखा साइलेंसर (मोडिफाइड साइलेंसर) लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है। वर्ष 2026 में अब तक ऐसे 142 चालान किए गए हैं, जिन पर ₹3,31,950 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ कर ‘पटाखा’ बजाना मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। भविष्य में भी ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने युवाओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ न करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़कों पर शांति एवं सुरक्षा बनी रहे।



