NH-44 भिगान (मुरथल) टोल प्लाजा पर ‘राह-वीर’ योजना को लेकर सोनीपत पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, राहगीरों को किया जागरूक
हाइवे ट्रैफिक निरीक्षक लाल सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान के तहत बांटी गई जानकारी; सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा सरकार से सम्मान और इनाम

सोनीपत, 12 मार्च । पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह IPS, ADGP के निर्देशानुसार एवं पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक व क्राइम नरेंद्र कादयान के मार्गदर्शन में आज राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर स्थित भिगान टोल प्लाजा पर ‘राह-वीर’ (नेक आदमी/Good Samaritan) योजना को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक लाल सिंह की अगुवाई में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता और वाहन चालकों को सड़क दुर्घटनाओं के समय घायलों की मदद करने के लिए प्रोत्साहित करना था।
घायलों की मदद करने पर ₹25,000 का इनाम
अभियान के दौरान निरीक्षक लाल सिंह ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए बताया कि सरकार ने सड़क हादसों में कमी लाने और पीड़ितों को समय पर इलाज दिलाने के लिए ‘राह-वीर योजना’ शुरू की है। इस योजना के तहत, यदि कोई व्यक्ति किसी घायल की जान बचाता है, तो सरकार उसे ₹25,000 की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और ‘राह-वीर’ की उपाधि से सम्मानित करेगी।
कानूनी पचड़ों से नहीं होगा सामना
निरीक्षक लाल सिंह ने लोगों के मन से डर निकालते हुए स्पष्ट किया कि अक्सर लोग पुलिस पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के डर से घायलों की मदद नहीं करते। उन्होंने बताया कि ‘राह-वीर’ बनने वाले व्यक्ति को पुलिस या अस्पताल प्रशासन द्वारा किसी भी तरह से परेशान नहीं किया जाएगा और न ही उन्हें गवाही के लिए मजबूर किया जाएगा। अभियान में सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट पहनने और ओवरस्पीडिंग से बचने की भी अपील की गई। निरीक्षक लाल सिंह ने कहा, “हमारी एक छोटी सी पहल किसी की जान बचा सकती है। हम चाहते हैं कि हर नागरिक एक जिम्मेदार ‘राह-वीर’ बने”।
मौके पर मौजूद यात्रियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और नियमों का पालन करने की शपथ ली।



