गोहाना में शहीद उधम सिंह की 122वीं जयंती मनाई गई
उधम सिंह किताब में छुपा कर ले गए थे रिवॉल्वर : डॉ. सेतिया
गोहाना :- 26 दिसम्बर 13 मार्च 1940 को उधम सिंह ने लंदन में माइकल ओ डायर की हत्या जिस रिवॉल्वर से की थी, उसे वह बड़े सलीके से किताब में छुपा कर ले गए थे। यह खुलासा मंगलवार को आजाद हिंद देशभक्त मोर्चे के निदेशक डॉ. सुरेश सेतिया ने किया। उनके अनुसार यह हत्या 13 अप्रैल 1919 के जलियांवाला बाग सामूहिक नरसंहार का प्रतिशोध लेने के लिए की गई थी। उधम सिंह को 31 जुलाई 1940 को सूली पर टांगा गया था।
डॉ. सुरेश सेतिया शहीद उधम सिंह की 122वीं जयंती पर उत्तम नगर में स्थित सैन भगत धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उधम सिंह का जन्म 26 दिसंबर 1899 को पंजाब के संगरूर जिले के सुनाम गांव में हुआ। वह 1924 में गदर पार्टी से जुड़े थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सैन सभा के अध्यक्ष डॉ. सुभाष सैन ने की। संचालन मेजबान मोर्चे के मुख्य संरक्षक आजाद सिंह दांगी ने किया। इस अवसर पर पार्षद राजेश सैन के साथ रमेश मेहता, राजपाल कश्यप, हरभगवान चोपड़ा, सतबीर पौड़िया, श्रीभगवान कल्सन, कश्मीरी लाल बावा, महावीर सैन, सुभाष शर्मा, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।


