गोहाना हलके के कासंडा गांव में अनुराग ढांडा ने कहा-भाजपा के राज में एक भी कांग्रेसी नहीं गया जेल

गोहाना :-19 नवम्बर : 9 साल से भाजपा का राज चल रहा है, कांग्रेस का एक भी नेता जेल में नहीं गया। भाजपा की सरकार कांग्रेस के नेताओं को जेल नहीं भेजती, लेकिन आम आदमी पार्टी के नेताओं को पहले सतेंद्र जैन, फिर मनीष सिसोदिया और फिर संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
यह टिप्पणी रविवार को पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने की। ढांडा रविवार को गोहाना हलके के कासंडा गांव में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अध्यक्षता सोनीपत युवा आप के जिला अध्यक्ष अनुराग मलिक ने की।
अनुराग ढांडा ने कहा कि अनिल विज कहते है कि भूपेंद्र हुड्डा के लिए जेल में कमरा तैयार है । आज तक कांग्रेस वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की। कहीं ऐसा न हो कि एक साल बाद आम आदमी पार्टी की सरकार आ जाए और उस कमरे में भूपेंद्र हुड्डा और अनिल विज दोनों बैठकर गुफ्तगू करें। आम आदमी पार्टी हर भ्रष्टाचारी को जेल में डालेगी।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष ढांडा ने कहा कि सी.एम. खट्टर कहते हैं कि आम आदमी पार्टी वाले मुफ्तखोर हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि खट्टर को बिजली मुफ्त, पानी मुफ्त, गाड़ी मुफ्त, बंगला मुफ्त, हवाई टिकट मुफ्त मिलती है। ऐसे में खट्टर सबसे बड़े मुफ्तखोर हैं।उन्होंने कहा कि खट्टर राजस्थान में जाकर कहते हैं कि गेहूं पर एम. एस. पी. के साथ बोनस देकर 2700 रुपए में खरीद करेंगे। उन्होंने सवाल किया कि हरियाणा में किसानों को 150 रुपए बढ़ा कर देने के बाद भी सिर्फ 2275 रुपए मिलते हैं तो राजस्थान के किसानों को 2700 रुपए प्रति क्विंटल कैसे मिल जाएंगे।
अनुराग ढांडा ने कहा कि आज देश में बहुत बड़ा बदलाव हो रहा है। उस बदलाव को दिल्ली और पंजाब ने अपना लिया, अब हरियाणा की बारी है। 2024 में हरियाणा में आम आदमी पार्टी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी।
इस मौके पर डॉ. मनीष यादव, देवेंद्र गौतम, सतीश राज देशवाल, राजेश सरोहा, महेंद्र छिक्कारा, सत्यनारायण आंतिल और संदीप मलिक मौजूद रहे।



