हरियाणा के सोनीपत में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व सीएम मनोहर लाल ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। मंगलवार को अनाजमंडी में सीएम ने कहा कि हमनें 3 डी पर प्रहार किया है। पूर्व की सरकार में दरबारी, डीलर व दामाद की चलती थी। वहीं नितिन गडकरी ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल में गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी केवल कांग्रेस के नेताओं की हटी है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भारत गौरव रैली में जींद के लिए 2 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि विधायक मिड्ढ़ा जी ने जींद विधानसभा में नरवाना रोड से रोहतक रोड तक बाइपास और एक मिनी बाइपास की मांग रखी है, वे इसे मंजूर करते हैं।
इससे पहले गडकरी व सीएम ने राई में 890 करोड़ रुपए की लागत से बने 11 फ्लाई ओवरों और नेशनल हाईवे 44 के 30 किलोमीटर लंबाई की सड़क परियोजना का लोकार्पण किया। इस दौरान डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी उपस्थित रहे। इसके बाद नितिन गडकरी व सीएम सोनीपत अनाजमंडी में भारत गौरव रैली में पहुंचे। यहां उन्होंने मंच से सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस ने 60 साल राज किया और लोगों को गरीबी हटाने का झांसा दिया। 60 साल कांग्रेस वाले नेताओं की गरीबी जरूर दूर हो गई। 60 साल में जो कांग्रेस नहीं कर पायी। वे केवल 9 साल में मोदी के नेतृत्व में हमने कर दिखाया है। यह हमारी सरकार की विशेषता है। गड़करी ने कहा कि हरियाणा का संपर्क अब दिल्ली से है। बहुत से एक्सप्रेस वे बना रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने सड़काें के निर्माण को लेकर हरियाणा में हुए कामों को गिनाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 100 के करीब प्रोजेक्ट उनके चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब सोनीपत से मुंबई तक साढ़े 12 घंटे में पहुंच जाएंगे। हरियाणा में 6 हजार करोड़ का काम हमने पूरा किया है। ग्रीन एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं। अंबाला से कोट पुतली तक 313 किलोमीटर का काम पूरा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करें, ऐसी उनकी इच्छा है। इसके लिए सीएम मनोहर लाल से उन्होंने आग्रह किया है। दिल्ली-अमृतसर- कटरा हरियाणा के लिए महत्वपूर्ण है।
इससे पहले सीएम मनोहर लाल ने रैली में कांग्रेस प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हमने तीन डी का सफाया कर दिया है। पूर्व की सरकार में दरबारी की चलती थी, डीलर सरकार चलाते थे और दामाद भी इनमें से एक थे। अब ये खत्म हो गए हैं। अपने कार्यकाल में 3 हजार रुपए बुढ़ापा पेंशन करेंगे। जो हजार रुपए में शेखी बधारते थे, उनको पीछे छोड़ दिया है। हरियाणा में सबसे ज्यादा बुढ़ापा पेंशन दी जा रही है। मेट्रो का हमने विस्तार कराया।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 9 साल से देश तरक्की कर रहा है। हमने भी साढ़े 8 साल से डबल इंजन की सरकार में बहुत काम किया है। सफर आसान और सस्ता हो गया है। हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सकता है। हरियाणा में केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है। जो योजनाएं केंद्र ने दी सब पर हमने काम किया। आम आदमी, गरीब मजदूर, किसान हो उनके हक में योजनाएं चलाई गई हैं।
सीएम ने कहा कि 10 साल पहले भ्रष्टाचारियों का हरियाणा था। अब सब को समाप्त कर दिया है। अब निर्भय होकर गरीब या अमीर हो कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है। पूर्व की सरकार गुंडागर्दी को सपोर्ट करते थे, उनके आधार पर शासन चलते थे। आज हरियाणा में युवा पढ़ाई की लगन में लगा है।
सीएम मनोहर लाल ने आरंभ में कहा कि सोनीपत लोकसभा वासियों अब ताकत दिखा दो। आवाज दिल्ली तक जानी चाहिए। उन्होंने नितिन गडकरी का स्वागत किया। कहा कि हमें पता है आप जाते जाते कुछ नया दे कर जाएंगे। हरियाणा एक ऐसा प्रदेश जिसके सभी रोड नेशनल हाईवे से जुड़ चुके हैं।
इससे पहले राई में सीएम व गडकरी ने बड़ी स्क्रीन पर जीटी रोड पर दौड रहे वाहनों का अवलोकन किया। इस दौरान डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी साथ हैं। यहां सीएम मनोहर लाल व गडकरी एक साथ बैठे तो दूसरी लाइन में डिप्टी सीएम सांसद रमेश कौशिक के साथ बैठे दिखाई दिए। स्क्रीन में पीएम नरेंद्र मोदी भी रिमोट के साथ सामने आए।
नितिन गडकरी रोड मार्ग से ही सोनीपत पहुंचे। राई में उनका सीएम व डिप्टी सीएम ने स्वागत किया। कुछ देर बाद गड़करी व सीएम अनाजमंडी में भाजपा की भारत गौरव रैली में शामिल हुए। यहां उन्होंने मोदी सरकार के 9 साल की जन उपलब्धियों को जनता के सामने रखा और कांग्रेस के 60 साल के साशन पर प्रहार किया।
सुबह सीएम मनोहर लाल मंगलवार को चंडीगढ़ से शताब्दी ट्रेन से सोनीपत पहुंचे। भाजपा के नेताओं ने यहां सीएम का स्वागत किया। वे भारत गौरव रैली में जाने से पहले रोहतक रोड पर फ्लाई ओवर के पास भगवान परशुराम चौक पर पहुंचे और उसका उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ सांसद रमेश कौशिक, पूर्व मंत्री कविता जैन, सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन आदि रहे।
सोनीपत में मंगलवार को जिन 11 फ्लाईओवरों का लोकार्पण किया गया, उनमें से 4 फ्लाईओवर दिल्ली की सीमा में हैं और शेष हरियाणा की सीमा में। सोनीपत जिला की सीमा में 5 फ्लाईओवर आते हैं जबकि शेष 2 फ्लाई ओवर पानीपत जिले की सीमा में है।
सोनीपत की सीमा में कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया टी-जंक्शन, एचएसआईआईडीसी कुंडली (निफ्टम चौक), बढख़ालसा-पीतमपुरा जंक्शन तथा एचएच-17 (बीसवांमील चौक) पर फ्लाई ओवर बना है। इसके अलावा भारतीय अंतर्राष्ट्रीय बागवानी मार्केट गन्नौर फ्लाईओवर भी इनमें से एक है। पानीपत की सीमा में गांव सिवाह छाजपुर एवं न्यू बस स्टैंड पानीपत जंक्शन और बीबीएमबी, एनएफएल-इंडस्ट्रियल एरिया जंक्शन शामिल है।