दिव्य नगर योजना के तहत नगर परिषद गोहाना से पानीपत रोड महम रोड जींद रोड बाईपास का होगा सुंदरीकरण
गोहाना:-दिव्य नगर योजना के तहत नगर परिषद की ओर से करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से गोहाना-पानीपत रोड और महम रोड का सुंदरीकरण किया जाएगा। सड़कों के सुंदरीकरण के लिए बजट सरकार की ओर से दिव्य नगर योजना के तहत उपलब्ध करवाया जाएगा। नगर परिषद अधिकारियों ने योजना के तहत होने वाले कार्य का बजट तैयार कर लिया है, जिसे जल्द मुख्यालय भेजा जाएगा। सुंदरीकरण के तहत लाइट, डिवाइडर व उन पर पौधे लगाने संबंधी कार्य किए जाएंगे।
कार्यकारी अधिकारी निशा शर्मा ने कनिष्ठ अभियंता को सर्वे के बाद शहर में होने वाले सुंदरीकरण के कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यालय से बजट पास होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। परिषद का दावा है कि योजना के तहत सुंदरीकरण के कार्यों को त्योहारी सीजन से पहले पूरा कर लिया जाएगा। त्योहारों पर शहर की खूबसूरती अलग से नजर आएगी। कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि महम रोड पर सूरजमल चौक से जींद बाइपास तक डिवाइडर पर पौधे व टाइल लगाने जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा ड्रेन नंबर 8 के नजदीक परशुराम चौक से लेकर पानीपत बाइपास तक सड़क पर लाइट व डिवाइडर पर पौधे लगाकर उनकी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
साइकिल के लिए अलग से बनेगा ट्रैक
कनिष्ठ अभियंता अक्षय ने बताया कि दिव्य योजना के तहत चिह्नित की गई सड़कों पर साइकिल चलाने के लिए अलग से ट्रैक तैयार करवाया जाएगा। इसके बाद शहरवासी सड़क पर चलने की बजाय ट्रैक पर साइकिल चला सकेंगे। सड़कों का सुंदरीकरण होने के साथ शहरवासियों को सुविधाएं भी मिलेंगी।
दिव्य नगर योजना के तहत शहर की दो सड़कों के सुंदरीकरण के लिए 14 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया गया है। कार्य को करवाने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के अनुसार डीपीआर तैयार की जाएगी। बजट पास होने के बाद टेंडर लगाकर त्योहारी सीजन से पहले कार्य पूरा करवाया जाएगा



