पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर की गोलियाँ मारकर हत्या की घटना में संलिप्त दूसरे आरोपी को किया गिरफ्तार,
न्यायालय में पेशकर भेजा जेल

गोहाना, 17 नवंबर। जिले के थाना शहर गोहाना की पुलिस टीम ने युवक की हत्या की घटना में संलिप्त दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सोमबीर पुत्र सुरेश निवासी गांव बरोदा जिला सोनीपत का रहने वाला है।
इस प्रकरण की विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बतलाया की दिनांक 13 नवंबर 2026 को साहब सिंह पुत्र सूरत सिंह निवासी आदर्श नगर, गोहाना ने थाना शहर गोहाना मे शिकायत दी कि मेरा लड़का बिजेन्द्र, जो प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। उसने रोहतक रोड पर अपना प्रॉपर्टी डीलर का कार्यालय बना रखा है। मेरे लड़के बिजेन्द्र का रामपाल निवासी गांव बरोदा के साथ पहले कई बार झगड़ा हो चुका था, जिस कारण रामपाल मेरे लड़के के साथ रंजिश रखता था। आज मेरा लड़का बिजेन्द्र रोजाना की तरह अपना कार्यालय बंद करके अपनी गाड़ी में बैठकर घर आने लगा तो पहले से घात लगाकर बैठे रामपाल व उसके साथियों ने मेरे लड़के पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से मेरा लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया तथा कुछ गोलियां गाड़ी के टायरों व अन्य हिस्सों में भी लगीं। राहगीरों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस व राहगीर मेरे लड़के को उपचार के लिए सिविल अस्पताल गोहाना लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर मैं भी अपने परिवार सहित अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मेरे लड़के बिजेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। मुझे पूरा शक है कि मेरे लड़के बिजेन्द्र की हत्या रामपाल व उसके अन्य साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते मिलकर की है। इस संबंध में थाना शहर गोहाना में भारतीय न्याय संहिता व शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना शहर गोहाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद ने अपनी पुलिस टीम के साथ कार्यवाही करते हुए घटना में मुख्य आरोपियों को गाड़ी उपलब्ध करवाने वाले आरोपी अमन पुत्र सुनील निवासी सुन्दर नगर कॉलोनी, जींद को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब अन्य आरोपियों की खोजबीन करते हुए घटना में मुख्य आरोपियों को वारदात में प्रयुक्त गाड़ी पर फर्जी नम्बर प्लेट मुहैया कराने वाले आरोपी सोमबीर पुत्र सुरेश निवासी गांव बरोदा जिला सोनीपत को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय मे पेश करके न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


