संविधान दिवस पर गोहाना एसडीएम कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों ने ली संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ
न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का लिया संकल्प: नायब तहसीलदार गोहाना हेमंत कुमार की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम


गोहाना (सोनीपत),26 नवंबर।संविधान दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को गोहाना स्थित एसडीएम कार्यालय के प्रांगण में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम कार्यालय के उप अधीक्षक आत्मप्रकाश ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन किया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसकी शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गोहाना के नायब तहसीलदार हेमंत कुमार ने की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने की शपथ ली। साथ ही देश को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के संवैधानिक संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों के महत्व को भी रेखांकित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे संविधान में दिए गए मूल्यों का सम्मान करते हुए अपने कार्यों और व्यवहार में निष्पक्षता, समानता तथा पारदर्शिता को प्राथमिकता देंगे। साथ ही देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र की प्रगति में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसडीओ राजेंद्र प्रसाद मेहरा, बिजली विभाग के एसडीओ कपिल यादव, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सुनील कुमार, एसडीएम कार्यालय के रीडर सुभाष चंद्र, स्टेनो रोहित कुमार, सीएमएमिनेंट पर्सन मुकेश रोहिला, कानूनगो कार्यालय गोहाना से रविंद्र मलिक तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से एएफएसओ राजेश हुड्डा, अशोक नरवाल तहसील प्रधान सहित तहसील का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।



