‘सिनर्जी टेक फेस्ट 2026’ में दिखा मेधा का धमाल, नवाचार की ऊंची उड़ान, भव्य समारोह में नौवें स्टूडेंट एडिशन का समापन, 170 प्रोजेक्ट प्रदर्शित
भारत ने दुनिया को दिखाया गंभीर बीमारियों के सस्ते, प्रभावी इलाज का रास्ता: डॉ श्रीनिवास


गुरुग्राम, 20 नवंबर । मेधा के धमाल, नवाचार की ऊंची उड़ान, युवा शक्ति की असीमित कल्पनाशीलता, कुछ कर दिखाने की ललक और कामयाबी की लंबी लकीर खींचने का जुनून… एसजीटी यूनिवर्सिटी के ‘सिनर्जी टेक फेस्ट 2026’ में हजारों छात्र-छात्राओं के बीच यही कुछ प्रतिबिंबित होता दिखाई दिया।
तीन दिन चले नौवें स्टूडेंट एडिशन का आज एक भव्य समारोह में समापन हुआ। विभिन्न विभागों, संकायों के मेधावी छात्रों ने 170 से अधिक प्रोजेक्ट स्टालों पर प्रदर्शित किए।
भारत सरकार के नीति सलाहकार एवम् सीएसआईआर-आईएमटेक रिसर्च काउंसिल के सदस्य डॉ. श्रीनिवास लंका समापन सत्र के मुख्य अतिथि रहे।
श्री संजय कालरा, पूर्व सीईओ, टेक महिंद्रा, निदेशक, सर्वम एआई ‘गेस्ट आफ आनर’ एवं डॉ. नवनीत कुमार सहगल, आईएएस (सेवानिवृत्त) , पूर्व अध्यक्ष प्रसार भारती ‘स्पेशल गेस्ट’ के रूप में शामिल हुए। एसजीटी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति पद्मभूषण श्री राम बहादुर राय की गरिमामयी उपस्थिति ने विद्यार्थियों में प्रबल उत्साह का संचार किया।
एसजीटी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर (डॉ ) अनिल कुमार कौल के स्वागत भाषण के साथ कार्यक्रम आरंभ हुआ। कार्यक्रम के चीफ गेस्ट डॉ श्रीनिवास लंका ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने विश्व को गंभीर बीमारियों के सस्ते और प्रभावशाली इलाज का रास्ता दिखाया। गोरखपुर के मेनिनजाइटिस, विश्वव्यापी टायफाइड और अफ्रीकी देशों के एड्स केसों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भले ही भारत के पास संसाधन सीमित थे पर पैशन के साथ समस्या के समाधान की भारत की युक्ति का असर हर स्तर पर दिखाई दिया। उन्होंने कहा, आज विश्व की 30 प्रतिशत दवाओं और 70 प्रतिशत वैक्सीन की डिमांड भारत पूरी कर रहा है। डॉ लंका ने कहा कि कुछ आर्थिक विसंगतियां भी हैं। दवाओं की ऊंची कीमत आज भी सबसे बड़ी चुनौती है।
पीएम जन औषधि योजना का उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में केंद्र सरकार ने अनेक ऐसी योजनाएं लागू की हैं जो सस्ते इलाज के साथ आमजन के स्वास्थ्य की रक्षा में अहम योगदान दे रही हैं।
स्पेशल गेस्ट डा नवनीत कुमार सहगल ने ‘सिनर्जी टेक फेस्ट’ की सराहना करते हुए कहा कि इसमें 170 से अधिक प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इच्छा शक्ति के साथ एसजीटी यूनिवर्सिटी में प्रतिभा को यथार्थ के धरातल पर उतारने का अवसर भी दिया जाता है। उन्होंने अनेक सरकारी योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि आज स्टार्टअप का विश्व का सबसे बड़ा इको सिस्टम भारत में है। 50 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकले हैं। हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती कुछ देशों पर भारत की तकनीकी निर्भरता कम करने की है।
‘गेस्ट आफ आनर’ संजय कालरा ने इस अवसर पर कहा कि समस्याएं हर स्तर पर होती हैं। आवश्यकता उनका क्रमबद्ध तरीके से समाधान करने की है। भावना यह हो कि ‘हाऊ आई विल डू’। रियल प्राब्लम को चुनें, उसका नेचर जानें और फिर रियल तरीके से उसके समाधान का प्रयास करें। उन्होंने सफलता के कई मूलमंत्र भी सुझाए। इस बात को भूल जाइये कि लोग आपके बारे में क्या सोचते हैं।
एशियानेट के पूर्व कार्यकारी और पीएम ओलंपिक टास्क फोर्स के सदस्य रहे श्री राजेश कालरा भी समारोह में विशेष रूप से उपस्थित थे।
‘सिनर्जी टेक फेस्ट- 2026 के विजेताओं को
मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों व विश्वविद्यालय अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।
पुरस्कृत प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बनता था।
प्रो. (डॉ.) अतुल नासा, प्रो-वाइस चांसलर एवं चेयरमैन सिनर्जी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इन स्कूलों, विश्वविद्यालयों के छात्र भी आए
मॉडल स्कूल, रोहतक,
भाई जोगा सिंह पब्लिक स्कूल, करोल बाग,
ज्ञान मंदिर पब्लिक स्कूल, नारायणा विहार,
विनय नगर स्कूल, सरोजिनी नगर,
गुरु नानक पब्लिक स्कूल, पीतमपुरा,
बाल भवन इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-12, द्वारका
रोजलैंड पब्लिक स्कूल, पुराना गुरुग्राम,
शिशु कल्याण स्कूल, गुरुग्राम,
राव लाल सिंह पब्लिक स्कूल, सिधरावली, गुरुग्राम,
यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल, दिल्ली, एस.डी. बॉयज स्कूल, गुरुग्राम,
जी.डी. गोयनका यूनिवर्सिटी, सोहना, गुरुग्राम।



