ओम प्रकाश गोयल इनेलो व्यापर प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त
गोहाना :-28 अक्तूबर : इंडियन नॅशनल’ लोकदल ने गोहाना शहर के अपने दिग्गज नेता ओम प्रकाश गोयल को एक बार फिर से व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी हैं। पार्टी उन्हें 2019 का विधानसभा चुनाव गोहाना सीट से लड़वा चुकी है। ओम प्रकाश गोयल सोनीपत और हिसार जिलों के इनेलो प्रभारी रह चुके हैं। उन्हें व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व दूसरी बार प्रदान किया गया है। गोयल पहले भी इस पद का जिम्मेदारी को पूरी कुशलता और सफलता से निभा चुके हैं।
व्यापार प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर ओम प्रकाश गोयल ने इनेलो सुप्रीमो और पूर्व सी. एम. ओमप्रकाश चौटाला, पार्टी के प्रधान महासचिव और ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला तथा प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी का आभार व्यक्त किया।
गोयल ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने जिस उम्मीद और भरोसे से उन्हें दोबारा व्यापार प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, वह उसे पूरा करने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रहने देंगे। उन्होंने कहा कि वह व्यापारी वर्ग को इनेलो से ज्यादा से ज्यादा जोड़ने का प्रयास करेंगे।



