हरियाणा में भाजपा-जजपा गठबंधन के 9 साल पूरे होने पर दीपेंद्र ने दागे 9 सवाल
गोहाना :- 27 अक्तूबर : राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के 9 साल पूरे होने पर 9 सवाल पूछते हुए जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश चुनावी मोड में आ चुका है और अब करीब 7 महीने की सरकार बाकी है। उनके अनुसार किसान आंदोलन के दौरान शहादत देने वाले किसानों की याद में 17 दिसंबर को सिरसा में किसान मजदूर.आक्रोश रैली होगी।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार की शाम को गोहाना आए और पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे । राज्यसभा सांसद शहर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. कपूर सिंह नरवाल के बड़े भाई बीर सिंह नरवाल के निधन पर शोक व्यक्त करने आए।
राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि ये सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है। लेकिन सच्चाई ये है कि हरियाणा का हर वर्ग सरकार से त्रस्त है। इस सरकार ने हरियाणा को विकास की पटरी से उतार दिया है। ये गठबंधन नहीं, ठगबंधन सरकार साबित हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार के खिलाफ चार्जशीट लेकर आएगी। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर भ्रष्टाचार के सभी मामलों की जांच और कार्रवाई होगी।
दीपेन्द्र हुड्डा ने गठबंधन सरकार से 9 सवाल पूछे। उनका पहला सवाल है कि हरियाणा पूरे देश में बेरोजगारी दर में नंबर-1 कैसे बन गया? उन्होंने दसरा सवाल पूछा कि प्रदेश महंगाई और गरीब कल्याण की योजनाएं बंद करने में नंबर 1 क्यों बना? दीपेंद्र का तीसरा सवाल है कि विकास दर में, निवेश में व नई बड़ी परियोजनाएं हरियाणा लाने में क्यों पिछड़ा? उन्होंने चौथा सवाल किया कि हुड्डा सरकार के समय किसानों को देश
मैं सबसे ज्यादा रेट, सबसे सस्ती बिजली, सबसे ज्यादा सब्सिडी, बिल माफी, लोन माफी की सुविधा देने वाले हरियाणा को किसानों पर अत्याचार में नंबर वन किसने बनाया?
राज्यसभा सांसद का 5वां सवाल है कि हरियाणा को भ्रष्टाचार और घोटालों में नंबर 1 किसने बनाया? उन्होंने छठा सवाल है कि जो हरियाणा खेल-खिलाड़ी और दूध-दही के खाने के लिए जाना जाता था वो अपराध, नशाखोरी में अव्वल कैसे बना? उन्होंने सातवां सवाल किया कि 2014 में प्रदेश पर 61 हज़ार करोड़ का कर्जा था, पिछले 9 वर्षों में बढ़कर 4 लाख करोड़ से ज्यादा कैसे हो गया?
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सातवां सवाल किया प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा तक हरियाणा का सरकारी शिक्षा तंत्र बर्बाद क्यों हुआ? उन्होंने आठवां सवाल पूछा कि पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाने वाली सरकार खिलाड़ियों को पद, पैसा और प्रतिष्ठा क्यों नहीं देना चाहती? उन्होंने नौवां सवाल किया कि चुनाव में अब मुश्किल से 7 महीने का समय बचा है, सरकार अपने पिछले चुनावी घोषणा पत्र में किये गए वादों को कब पूरा करेगी?
इस अवसर पर विधायक भारत भूषण बतरा, विधायक शकुंतला खटक, विधायक कुलदीप वत्स, विधायक जगबीर सिंह मलिक, विधायक इंदु राज नरवाल, पूर्व विधायक संत कुमार आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।



