AdministrationSonipat

सोनीपत में अवैध कब्जे मामले में फरियादी की शिकायत पर उलझे समिति सदस्य, मंत्री ने मर्यादा में रहने को कहा

सोनीपत :- छोटूराम कॉलोनी निवासी महताब सिंह का आरोप था कि गांव फतेहपुर में एक व्यक्ति ने गली में कब्जा कर रखा है। इस मामले में शिकायत की गई। प्रशासन की तरफ से कमेटी बनी और पैमाइश कराई गई, लेकिन अभी तक कब्जा नहीं हटाया गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आराेप लगाए और मंत्री ने कहा कि वह दोनों अपने-अपने कब्जे हटा लें। इसके बाद समिति के सदस्य आजाद नेहरा मंत्री से उलझ पड़े। यह कैसा फैसला है कि जो परिवार कई दशकों से बैठा हुआ है, उनकाे ही कब्जा हटाने के लिए कहा गया। इस पर मंत्री मूलचंद शर्मा ने आजाद नेहरा को मर्यादा में रहने की बात कही।
लघु सचिवालय में परिवहन एवं खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। एजेंडे में शामिल 18 में 17 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। इनमें जटवाड़ा निवासी पंकज की शिकायत लंबित रखी। उनका कहना था कि ड्रेन नंबर 6 ओवरफ्लो रहती है, जिससे 40 एकड़ जमीन पर दूषित पानी भरने से फसल उगाने में परेशानी हो रही है। मंत्री ने विधायक सुरेंद्र पंवार की अनुशंसा पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ को निर्देश कि शराब फैक्टरी से निकलने वाले पानी की निकासी खेतों या खुली जमीन पर न हो। भूजल संरक्षण के लिए उचित निकासी सुनिश्चित की जाए।
मयूर विहार निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि वर्ष 2005 में पत्नी व बहन के नाम से इंडियन कॉलोनी में प्लॉट खरीद था। प्लाॅट पर निर्माण करने लगे तो सरकारी जमीन बताकर काम रुकवा दिया। मंत्री ने फरियादी की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सरकारी जमीन बेचने के मामले में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
गांधी नगर, गन्नौर की बाला देवी ने शिकायत दी कि बेटे व उसके साथी की पिटाई करने वालों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। डेढ़ साल से मामला लंबित है। परिवहन मंत्री ने इस मामले की जांच डीसीपी को सौंपते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। फतेहपुर के राजपाल ने शिकायत दी कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है, जिसकी जांच परिवहन मंत्री ने एसडीएम अमित कुमार को सौंपी।
गांव माहरा के प्रदीप ने पानी की व्यर्थता संबंधी शिकायत दी। इस पर परिवहन मंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग के एसई को सभी गांवों में पानी की लीकेज की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। अगवानपुर के दयानंद की उनके प्लाॅट पर कब्जा संबंधी शिकायत पर परिवहन मंत्री ने एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया। शास्त्री कॉलोनी, सोनीपत के रामनिवास ने कहा कि गृहकर बिल ठीक करने के लिए कई बार चक्कर काट चुका हूं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र चुघ ने बिल ठीक करने की बात कही। गांव दुभेटा के ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधि पर पंचायती जमीन से पेड़ कटवाने व उस पर कब्जे होने से बचाने की मांग मंत्री से की।
समिति के सदस्य 78, अधिकतर को कुर्सियां तक नहीं मिलीं
सरकार की ओर से हाल ही में कष्ट निवारण समिति के सदस्य बनाए हैं। ऐसे में जिले में सदस्यों की संख्या अब 78 हो गई है। बैठक में पहुंचे अधिकतर सदस्यों को कुर्सियां तक नहीं मिलीं। ऐसे में लघु सचिवालय में कांफ्रेंस हॉल छोटा पड़ गया। अधिकतर फरियादियों को खड़े होकर शिकायत के लिए नंबर आने का इंतजार करना पड़ा।
इस दौरान विधायक मोहनलाल बड़ौली, निर्मल चौधरी, विधायक सुरेंद्र पंवार, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, भाजपा के जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा, जजपा के जिलाध्यक्ष राज सिंह दहिया, उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार, निगमायुक्त विश्राम मीणा, डीसीपी विजय सिंह, एडीसी अंकिता चौधरी मौजूद रहीं।
Khabar Abtak

Related Articles

Back to top button