एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर नए जिलों की घोषणा संभव ; मानेसर और गोहाना बनाए जा सकते हैं नए जिले
चंडीगढ़ :- प्रदेश सरकार हरियाणा दिवस एक नवंबर को कुछ नए जिलों की घोषणा कर सकती है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल में एक दिसंबर, 2016 को चरखी दादरी को राज्य के 22वें जिले के रूप में अधिसूचित किया था। फिलहाल हांसी और डबवाली पुलिस जिले के रूप में अधिसूचित हैं। अब प्रदेश सरकार हांसी व डबवाली के साथ-साथ असंध, गोहाना और मानेसर को भी नए जिलों के रूप में अधिसूचित कर सकती है। संभावना ऐसी भी है कि भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर करनाल में होने वाली रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नए जिलों के गठन की घोषणा की जा सकती है उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की अध्यक्षता में राज्य सरकार ने नए जिले, नए उपमंडल और नई तहसीलों व उप तहसीलों के गठन के लिए राज्य स्तरीय उच्च कमेटी का गठन कर रखा है। संसदीय कार्य एवं स्कूल शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर व सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल इस कमेटी के सदस्य हैं।



