कुश्ती विवाद पर बोले सीएम मनोहर लाल-ट्रायल में जीतने वाले को ही आगे जाने का मिले अधिकार, जरूरत पड़ी तो कमेटी भी बनाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा विशाल कालीरमन होनहार खिलाड़ी है। कुश्ती विवाद पर बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इस मामले में जरूरत पड़ी तो कमेटी भी बनाएंगे। चयन समिति से भी इस संबंध में बात की जाएगी।
खरखौदा :- ट्रायल में जो पहलवान जीते उसे ही आगे जाने का अधिकार है। पहलवान बजरंग पूनिया-विशाल कालीरमन के बीच चल रहे विवाद में अगर जरूरत पड़ी तो कमेटी का गठन करेंगे। विशाल कालीरमन होनहार खिलाड़ी हैं। वह नीचे से मैच जीतकर आए हैं। चयन समिति से भी इस संबंध में बात की जाएगी। यह बातें मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को खरखौदा के सिसाना गांव की गोशाला के वार्षिकोत्सव समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।
हरियाणा के खिलाड़ी जहां भी जाते हैं, वहां पर छा जाते हैं। हरियाणा के खिलाड़ी अपनी पूरी भागीदारी निभाते हैं और देश के लिए पदक लेकर आने में कोई कसर नहीं छोड़ते। एक तिहाई पदक हरियाणा के खिलाड़ी ही लेकर आते हैं।
बजरंग पूनिया और विशाल कालीरमन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना चयन जो आया है वह ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री ने चयन समिति तक पहुंचकर बात करने के लिए कहा है।
साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के युवाओं को मन की बात व स्वच्छता अभियान कार्यक्रमों में शामिल करते रहते हैं। अब अंकित बैंयापुरिया ने भी प्रधानमंत्री के साथ स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।


