शहीद भगत सिंह की जयंती पर 4 संगठनों ने साम्प्रदायिकता के खिलाफ निकाला जुलूस
गोहाना :- 28 सितम्बर : गुरुवार को शहीद भगत सिंह की जयंती पर जन चेतना मंच, जनसंघर्ष मंच, समतामूलक महिला संगठन और निर्माण कार्य मजदर मिस्त्री यूनियन ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा साम्प्रदायिकता के खिलाफ जुलूस निकाला। शहीद भगत सिंह पार्क में सभा का आयोजन किया गया । मुख्य अतिथि दिल्ली से आए सामाजवादी लोकतन्त्र मंच के संचालक धर्मेंद्र जोशी थे। उन्होंने शहीद भगत सिंह के जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्तमान हालात में शहीद भगत सिंह के चिंतन के आधार पर समाज व्यवस्था कायम करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में जनवादी अधिकारों को रौंदा जा रहा है हमें इसके खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी चाहिए।
मुख्य वक्ता डा. सी. डी. शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकारें पूंजीपति वर्ग के हित साधने में लगी हुई है और मेहनतकश वर्ग का भाईचारा तोड़ने में मशगूल हैं। जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटा जा रहा है। शहीद भगत सिंह के विचार ही हमें आपस में लड़ने से बचा सकते हैं। डॉ. सुनीता त्यागी ने कहा कि आज भारत महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित देश है। महिलाओं का दोहरा शोषण होता है। सभा को सूरजभान चहल व सतीश बौद्ध ने संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता रघुबीर विरोधियों ने की जब की मंच संचालन महेश वजीरपुर के द्वारा किया गया।



