गोहाना की सड़को पर लगने वाली रेहड़ियों को सिफ्ट करने की योजना
शहर को अतिकर्मण और जाम से छुटकारा मिलेगा
गोहाना :-शहर की सड़कों पर जाम से चालकों व राहगीरों को जल्द ही छुटकारा मिलेगा। इसके लिए नप प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। इसमें पार्किंग की व्यवस्था को लेकर मल्टीप्लेक्स कॉम्प्लेक्स बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए सरकार से जमीन मांगी है।
इसके साथ ही सड़कों पर लगने वाली रेहड़ियां को शिफ्ट करने की परियोजना बनाई है। इसके लिए चार जगह चयनित भी कर ली हैं। ऐसे में दोनों परियोजनाओं के सिरे चढ़ने से आमजन को काफी सुविधा मिलेगी।
शहर की सड़कें जींद, पानीपत, रोहतक, महम, जुलाना, सोनीपत के अलावा विभिन्न गांवों की सड़कों को आपस में जोड़ती हैं। वाहन चालक शहर के अंदर से होकर गुजरते हैं। शहर में सड़कें चौड़ी हैं, लेकिन पार्किंग न होने से सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़े होते हैं फल-सब्जियों की रेहड़ियां फुटपाथ से लेकर सड़कें घेर लेती हैं।
दुकानदार भी दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण करते हैं। सबसे अधिक समस्या पुराना बस स्टैंड, महावीर चौक, सिविल रोड, महम मोड़, आंबेडकर चौक व बरोदा रोड पर है।
यहां शिफ्ट होंगी रेहड़ियां
नप प्रशासन ने अतिक्रमण से निपटने के लिए रेहड़ियों को शिफ्ट करने की योजना बनाई है। इसके लिए सेक्टर-7, नई सब्जी मंडी, मीट मार्केट व ड्रेन नंबर-8 पर खाली पड़ी जगह को चिह्नित किया है। इसको लेकर नप प्रशासन स्ट्रीट वेंडरों के रजिस्ट्रेशन करने व संबंधित विभागों से एनओसी लेने की प्रक्रिया अपना रहा है।
इनके सिरे चढ़ते ही रेहड़ियों को वहां शिफ्ट किया जाएगा। उसके बाद सड़कों के किनारे रेहड़ी लगाने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से भी सख्ती से निपटा जाएगा। उसके बाद शहर में अतिक्रमण के साथ जाम से भी छुटकारा मिलेगा।
पार्किंग के लिए मांगा स्थान
नप ने सरकार से शहर के बीचोंबीच बने चौ. देवीलाल स्टेडियम के पास पार्किंग के लिए जगह मांगी है। यहां मल्टीलेवल कांप्लेक्स बनाने की योजना है। इसमें पार्किंग के अलावा ऊपरी मंजिल पर कमर्शियल मार्केट बनाई जाएगी, जिससे नप को आर्थिक आमदनी भी होगी।
आमजन की सुविधा के लिए जल्द सिरे चढ़ाई जाएंगी परियोजनाएं : रजनी
नप प्रशासन द्वारा शहर में जाम व अतिक्रमण से निपटने के लिए अहम कदम उठाए जा रहे हैं। इसी के तहत पार्किंग के लिए मल्टीप्लेक्स कांप्लेक्स बनाने के लिए सरकार से मंजूरी मांगी है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही रेहड़ियां शिफ्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। ऐसे में जल्द ही दोनों परियोजनाओं को सिरे चढ़ाया जाएगा, ताकि शहर में आमजन को कोई दिक्कत न उठानी पड़े।



