कृषि विभाग के अधिकारीयों ने जींद रोड की खाद बीज की दुकानों पर छापे मारी करी
धान सीजन में उच्च गुणवत्ता की खाद एवं बीज उपलब्ध करवाने के लिए कृषि विभाग ने जींद रोड की दुकानों पर छापेमारी की। कृषि अधिकारियों ने डीडीए डॉ. अनिल सहरावत के नेतृत्व में खाद एवं धान के बीज के चार सैंपल भरे। अधिकारियों ने एकत्र किए गए सैंपलों को जांच के लिए लैब भेज दिया।
खेतों में जल्द ही धान की रोपाई का कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं कुछ किसान धान की पछेती किस्म के लिए नर्सरी तैयार करने में भी जुटे हैं। इसके लिए किसान दुकानों से खाद एवं बीज की खरीद करते हैं। कुछ दुकानदार अधिक लाभ लेने के लिए किसानों को निम्न गुणवत्ता की खाद एवं बीज बेच देते हैं। इससे पौधे की बढ़वार सही ढंग से नहीं होती है।
किसानों को बीज एवं खाद की गुणवत्ता सही उपलब्ध करवाने के लिए बुधवार को कृषि अधिकारी देवेंद्र कुहाड़, क्यूसीआई राकेश हुड्डा ने जींद रोड स्थित दुकानों से खाद एवं बीज के सैंपल भरे। उन्होंने कहा कि सैंपलों की जांच विभाग की लैब में करवाई जाएगी। जांच में किसी भी दुकान का सैंपल फेल होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



