रैम्प बनाकर व गलियों में अवैध निर्माण पर नगर परिषद प्रशासन अब सख्ती से निपटेगा
गोहाना :-शहर में मकानों के बाहर रैंप बनाकर या गली में अन्य अवैध निर्माण और अतिक्रमण करने वालों से नप प्रशासन अब सख्ती से निपटेगा। इसके लिए पहले चरण में 60 लोगों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। एक सप्ताह में जवाब न देने पर उनके खिलाफ न केवल कार्रवाई होगी, बल्कि उनके रैंप भी तोड़े जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अतिक्रमण को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
शहर में 23 वार्ड हैं। इनमें नप प्रशासन ने आमजन की सुविधाओं के लिए गलियों का निर्माण कराया है। इन गलियों में प्रॉपर्टी मालिक अपनी मर्जी से रैंप का निर्माण नहीं करा सकते। इसके अलावा न ही गलियों में अन्य तरीके से कब्जा कर सकते हैं। इसके बावजूद लोगों ने अपने घरों के बाहर न केवल बड़े रैंप बनवाए हैं, बल्कि गलियों में गेट लगाकर कब्जा किया हुआ है। इससे गलियों में आवागमन करने वाले वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसी को लेकर नप प्रशासन ने गलियों में अवैध निर्माण कार्यों का सर्वे करने का निर्णय लिया है।
सड़कों पर अतिक्रमण हटाने का रोज चल रहा अभियान
शहर की सड़कों पर भी इन दिनों अतिक्रमण का बोलबाला है। सड़क किनारे रेहड़ियां खड़ी होने, दुकानों के बाहर बोर्ड व सामान रखने से सड़कें संकरी हो रही हैं। इस कारण सड़कों पर जाम भी लगा है। इसी के तहत नप प्रशासन ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत कर्मचारी हर रोज अभियान चलाकर सड़कों किनारे व फुटपाथ पर रखे सामान को भी जब्त कर रहे हैं।
शहर में कुछ लोगों ने अवैध रूप से गलियों में रैंप बनाकर व अन्य तरीके से अतिक्रमण किया हुआ है। इनकी पहचान करके उन्हें नोटिस दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद लोग नहीं माने तो प्रशासन की मदद से उनको तोड़ा जाएगा। इसके लिए सड़कों पर भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। शहर में किसी भी प्रकार से अतिक्रमण नहीं बढ़ने दिया जाएगा, ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो।
निशा शर्मा, ईओ, नगर परिषद, गोहाना



