60 वर्ष की आयु पूरी होने पर ऑटोमेटेड जनरेटेड फार्म से बनाये जा रहे है पेंशन के पात्र ; अगस्त से अब तक 2850 लोगों की वृद्धावस्था पेंशन बनाई
सोनीपत :- 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर अब ऑटोमेटेड जनरेटेड फार्म से अब पेंशन के पात्र बनाए जा रहे हैं। पीपीपी आधारित व्यवस्था के तहत समाज कल्याण मुख्यालय द्वारा महीने दर महीने ऐसे लाभार्थियों की सूची विभाग को भेज दी जाती है। अगस्त से अब तक करीब 2850 लोगों की सूची विभाग को भेजी गई है। अब इनकी वेरिफिकेशन का कार्य होगा। विभागीय अधिकारियों द्वारा वेरिफिकेशन का कार्य कराकर लोगों को पेंशन का लाभ दिया जाएगा।
हालांकि अन्य पेंशनों के लिए सरकार ने यह नियम लागू नहीं किया है। अन्य प्रकार की सभी पेंशन पहले ही तरह ही बनाई जाती है, लेकिन बुजुर्ग पेंशन का फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सरकार ने यह प्रणाली अपनाई है। विभिन्न कैटेगरी में जिले भर में एक लाख 90 हजार से अधिक लोग पेंशन का लाभ ले रहे हैं। सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय द्वारा देश भर में बुजुर्गों के जीवन यापन के लिए वृद्धावस्था सम्मान भत्ता दिया जाता है। जिसके तहत लोगों को इसका लाभ दिया जाता है।
गलत तरीके से पेंशन लेने वाले खाताधारकों को ढूंढ़कर बंद किया जा रहा है। पात्रों को पेंशन का लाभ देने के लिए लगातार लिस्ट भेजी जा रही है। समाज कल्याण विभाग मुख्यालय कंट्रोल रूम से ऑनलाइन सर्च के आधार पर जिलेभर में अगस्त से अब तक 2850 लोगों का नाम भेजा गया है। इसमें करीब 70 प्रतिशत लाभार्थियों की वेरिफिकेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। वेरिफिकेशन के लिए विभाग द्वारा लाभार्थियों को फोन कर कार्यालय बुलाया जाता है, आवश्यक दस्तावेज लेकर लोगों की पेंशन अपलोड कर दी जाती है। वहीं जिनसे संपर्क नहीं हो पाता है, डोर टू डोर सर्वे का कार्य किया जा रहा है।
जिले में इन दिनों विभिन्न कैटेगरी में करीब एक लाख 90 हजार लाभार्थियों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। इसमें सबसे अधिक संख्या करीब एक लाख 25 हजार बुजुर्ग लाभार्थी है। जिसके बाद दूसरे नंबर 50 हजार विधवाएं है। पीपीपी लागू होने से पेंशन बनने की स्पीड तेज हुई । जोगेंदर, अकाउंटेंट, समाज कल्याण विभाग , सोनीपत।


