G 20 सम्मेलन के कारण दिल्ली के रिंग रोड तक ही जाएंगी बसें
सोनीपत :- दिल्ली में होने वाले जी-20 सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत सोनीपत से जाने वाली बसों को अब दिल्ली के रिंग रोड तक ही ले जाया जा सकेगा। इसके बाद उनके रूट को डायवर्ट कर बसों को दिल्ली से बाहर निकाल दिया जाएगा। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। वहीं जयपुर व आगरा जाने वाली बसों को केजीपी व केएमपी के रास्ते रवाना किया जाएगा। यह व्यवस्था 10 सितंबर तक लागू रहेगी।
दिल्ली के प्रगति मैदान में 9 और 10 सितंबर तक जी-20 सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में मॉरीशस के प्रधानमंत्री सहित कई मेहमान दिल्ली पहुंच चुके हैं। अमेरिका राष्ट्रपति भी दिल्ली पहुंचेंगे। इस सम्मेलन में इटली, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, सिंगापुर, यूरोपियन यूनियन के अध्यक्ष सहित विभिन्न देशों के नेता पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए परिवहन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी करते हुए दिल्ली पुलिस ने सोनीपत रोडवेज को भी एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत रोडवेज बसों को दिल्ली के अंदर प्रवेश न कर रिंग रोड तक चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर चलने वाली 7 जोड़ी ट्रेनों को भी इन दोनों के लिए रद्द किया गया है। ऐसे में बस अड्डे पर भीड़ उमड़ सकती है।
बस अड्डे पर सामान्य दिनों में दिल्ली रूट पर सबसे अधिक भीड़ रहती है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस रूट पर रोजाना 20 से 22 बसें चलाई जाती हैं। जी-20 सम्मेलन के चलते वीरवार को इस रूट पर सन्नाटा पसरा रहा। सम्मेलन के चलते दिल्ली में स्कूल, काॅलेज, कार्यालय बंद हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या भी अचानक से कम हो गई है। वीरवार दोपहर को हालात यह हो गए कि दिल्ली रूट पर बस तो लगी थी, लेकिन यात्री नहीं थे। इसका असर रोडवेज की आमदनी पर भी पड़ेगा।
सोनीपत बस अड्डे से रोजाना 40 बसें जाती हैं दिल्ली
रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि बस अड्डे से दिल्ली, जयपुर, आगरा सहित विभिन्न अंतरराज्यीय रूटों पर करीब 40 बसों को रवाना किया जाता है। यह बसें दिल्ली आईएसबीटी जाती हैं। यहां से जयपुर व आगरा जाने वाली बसें दिल्ली के अंदर से गुजरते हुए निकल जाती हैं। अब दो दिन तक दिल्ली में किसी भी बस को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।


