गोहाना :-सिरसाढ़ गांव में आजाद हिंद देशभक्त मोर्चा के सदस्यों ने गुरुवार को गायत्री जयंती मनाई। उन्होंने हवन कर ग्रामीणों को गायत्री मंत्र का नियमित रूप से उच्चारण करने का संदेश दिया। मोर्चा के संरक्षक आजाद डांगी ने कहा कि शास्त्रों, ऋषि मुनियों एवं महापुरुषों ने गायत्री मंत्र की बड़ी महिमा गाई है। महर्षि वेदव्यास ने गायत्री मंत्र की महिमा बताते हुए कहा था कि जिस प्रकार पुष्पों का सार शहद, दूध का सार घी है उसी प्रकार समस्त वेदों का सार गायत्री मंत्र है।
हमारे वेदों उपनिषदों शास्त्रों पुराणों और सभी धर्म ग्रंथों में गायत्री मंत्र की महिमा का वर्णन मिलता है। अथर्ववेद में मां गायत्री को आयु, प्राण, शक्ति, कीर्ति, धन और ब्रह्म तेज प्रदान करने वाली देवी कहा गया है। गायत्री मंत्र का नियमित रूप से जाप करने से सभी पापों से मुक्ति मिलती है। इस अवसर पर उमेद सिंह पांचाल, संतराम, ओमप्रकाश, रमेश, दीपक, किशन, रोहित, मोहित, अनीता, रजनी, निशा, श्वेता, शांति, सतवंती, संतोष तथा रुद्र प्रताप आदि उपस्थित थे।



