पीएम विश्वकर्मा के तहत 18 श्रेणियों के कारीगरों को सस्ती ब्याज दरों पर दिया जाएगा लोन
सोनीपत :-भारत सरकार की नई स्कीम पीएम विश्वकर्मा के तहत 18 श्रेणियों के कारीगरों को सस्ती ब्याज दरों पर लोन, मुफ्त औजार, प्रशिक्षण, मार्केटिंग सपोर्ट, डिजिटल ट्रांजेक्शन (यूपीआई) को प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहन, सर्टिफिकेट तथा पहचान पत्र प्रदान किया जाएगा। यह जानकारी एमएसएमई विकास कार्यालय करनाल से सहायक निदेशक मुकेश वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा बजट 2023-24 में घोषित पीएम विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ 17 सितंबर से किया जा रहा है। इस योजना में 13000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
इस योजना में छोटे औजारों का उपयोग करके अपने हाथों से काम करने वाले दस्तकारों एवं कारीगरों को सक्षम बनाने के लिए अनेक लाभ प्रदान किए जाएंगे। सहायक निदेशक ने बताया कि प्रार्थी की आयु 18 वर्ष या इससे अधिक हो और पिछले 5 वर्षों में केंद्र सरकार अथवा राज्य सरकार की किसी भी स्वरोजगार की योजना में ऋण न लिया हो। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए एमएसएमई विकास कार्यालय करनाल तथा दूरभाष नम्बर 9729058308 पर संपर्क किया जा सकता है।


