हरियाणा रोडवेज ने रक्षाबंधन पर चालक-परिचालकों की छुट्टियां करी रद्द

सोनीपत :- रक्षाबंधन पर महिला यात्रियों की सुखद यात्रा के लिए रोडवेज अभी से तैयारियों में जुट गया है। रक्षाबंधन पर सभी बसों का सुचारु रूप से संचालन करने के लिए चालक-परिचालकों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। इतना ही नहीं बसों की खामियों को भी दूर किया जा रहा है।
रक्षाबंधन 30 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों के घर राखी बांधने जाती हैं। हर बार की तरफ इस बार भी सरकार ने रोडवेज बसों में महिलाओं व उनके साथ 15 साल तक के बच्चों को निशुल्क यात्रा की छूट दी है। सरकार की तरफ से दी गई यह छूट 29 अगस्त दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 30 अगस्त की रात 12 बजे तक रहेगी। रोडवेज व परिवहन समिति की बसों में महिलाओं व उनके 15 साल तक के बच्चों को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
लंबी दूरी की बसों को लोकल पर चलाएंगे
वर्तमान समय में सोनीपत रोडवेज डिपो में 120 बसें हैं। मार्च के बाद से डिपो में शामिल हुई नई बसों को लंबे रूटों पर भेजा जाता है। सोनीपत डिपो से चंडीगढ़, हरिद्वार, जयपुर, आगरा सहित अन्य रूटों पर इनको भेजा जाता है। रक्षाबंधन पर बस अड्डे में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए लंबे रूट की बसों का परिचालन भी लोकल रूटों पर करने का निर्णय लिया है।
रक्षाबंधन पर महिला यात्रियों को भीड़ का सामना न करना पड़े, इसके लिए लंबे रूटों की कुछ बसों को लोकल रूटों पर चलाने की योजना है। -रमेश, डीआई, रोडवेज डिपो, सोनीपत


