दो महिलाओं ने होटल संचालको पर अधिक कमाई का लालच दे कर देह व्यापार का आरोप लगाया
गोहाना :-शहर के अलग-अलग होटल संचालकों पर दो महिलाओं ने उन्हें मोटी कमाई का लालच देकर देह व्यापार कराने का आरोप लगाया है। पानीपत व रोहतक की रहने वाली दोनों महिलाओं ने होटल संचालकों पर शहर थाना में शिकायत दी हैं, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किए हैं।
शहर थाना की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि शहर में बस स्टैंड के निकट एक होटल में देह व्यापार हो रहा है। पुलिस की टीम होटल में जांच करने पहुंची। वहां रोहतक निवासी 33 वर्षीय एक महिला ने पुलिस को बताया कि वह डेढ़ माह से तनाव में थी और गोहाना में संचालित होटल में आई थी। आरोप है कि होटल संचालक ने उसे मोटी कमाई का लालच देकर देह व्यापार कराया।
मंगलवार को भी वह होटल में आई थी और उससे देह व्यापार कराया। वहीं पानीपत निवासी 21 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि 3 माह पहले दोस्त के साथ गोहाना में संचालित एक होटल में आई थी। होटल संचालक ने उसे कहा कि अगर वह देह व्यापार करेगी तो अच्छी कमाई होगी। मंगलवार को वह और उत्तरप्रदेश की उसकी एक दोस्त होटल में आई तो उससे देह व्यापार कराया। पुलिस ने होटल संचालकों पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।



