पेयजल की गुणवत्ता के सुधार के लिए जलापूर्ति विभाग जलघर का करेगा जीर्णोद्धार ; प्रतिदिन करीब 50 लाख लीटर पेयजल की सप्लाई होती है
गोहाना :- शहर में पेयजल की गुणवत्ता के सुधार के लिए जलापूर्ति विभाग जलघर का जीर्णोद्धार करेगा। इस कार्य पर विभाग द्वारा 2.86 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। प्रोजेक्ट की मंजूरी के लिए अधिकारियों ने प्रपोजल तैयार कर मुख्यालय भेजा है। मुख्यालय से प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने के बाद जलघर का जीर्णोद्धार कार्य शुरू होगा।
शहरी क्षेत्र में पेयजल की सप्लाई देने के लिए विभाग ने खरखौदा रोड पर दो जलघरों का निर्माण किया हुआ है। दोनों जलघरों से शहर में प्रतिदिन करीब 50 लाख लीटर पेयजल की सप्लाई दी जाती है। दोनों ही जलघरों में पानी स्टोर करने की क्षमता सीमित है। अधिकारियों ने अनुसार जलघर शहर में 15 वर्षों तक पेयजल की सप्लाई देने के लिए डिजाइन किए हुए हैं। दोनों ही जलघर 15 वर्ष से पुराने हो चुके हैं। दूसरी तरफ शहर का विस्तार भी तेजी से हो रहा है। ऐसे में विभाग शहरवासियों को मांग के अनुसार और सही गुणवत्ता का पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए द्वितीय जलघर का जीर्णोद्धार करेगा। इसके अंतर्गत जलघर की मरम्मत के साथ-साथ इनलेट चैनल, पेयजल फिल्टर सिस्टम आदि को भी अपग्रेड किया जाएगा।
पानी की बढ़ेगी क्षमता शहर में 17 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया चल रही है। इन कॉलोनियों में शहर की बड़ी आबादी रहती है। कॉलोनियां नियमित होने के बाद लोगों को सीवर लाइन और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जानी है। इन कॉलोनियों में प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाने के लिए विभाग को अपनी पानी की स्टोरेज क्षमता बढ़ानी पड़ेगी।
^शहर में मांग और बेहतर गुणवत्ता का पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जलघर का जीर्णोद्धार किया जाएगा। प्रोजेक्ट पर 2.86 करोड़ रुपए खर्च होंगे। प्रपोजल मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा हुआ है। नवीन कुमार, एक्सईएन, जलापूर्ति विभाग, गोहाना



