चाकू दिखाकर रुपए छीनने की घटना मे संलिप्त आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायालय मे पेशकर भेजा जेल

गोहाना, 2 अप्रैल। क्राईम यूनिट गोहाना के इंचार्ज निरीक्षक अंकित की पुलिस टीम ने चाकू दिखाकर रुपए छीनने की घटना मे संलिप्त आरोपी को दबोचा है। आरोपी राहुल उर्फ़ लेफ्टी निवासी गांव महमूदपुर जिला सोनीपत का रहने वाले है।
इस प्रकरण की विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बतलाया कि दिनांक 31 मार्च 2026 को पंकज पुत्र मूलचंद निवासी दिल्ली हाल निवासी गांव महमूदपुर जिला सोनीपत ने थाना सदर गोहाना में शिकायत दी थी कि कल रात समय तकरीबन 11 बजे मैं अपने किराये के कमरे में सो रहा था तो राहुल उर्फ़ लेफ्टी निवासी गांव महमूदपुर ने मेरे कमरे का दरवाजा खटखटाया और जब मैंने दरवाजा खोला तो देखा कि उसके हाथ में एक बड़ा सा चाकू था और फिर राहुल ने मुझे धक्का दिया और मेरे कमरे में जबरदस्ती घुस गया और मेरे को चाकू की नोक पर धमकी देकर कहा कि तेरे पास जितने भी पैसे हैं मेरे को दे दो और शोर मचाया तो जान से मार दूंगा और मेरी जेब से जबरदस्ती तकरीबन 700 रूपये छीन लिए उसके बाद राहुल मुझे चाकू दिखाकर जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठा कर रोहतक सोनीपत रोड पर एक नहर पर ले गया और गाड़ी से डंडा निकालकर मेरे से मारपीट की और कहा कि या तो किसी से पैसे माँग नहीं तो तुझे नहर में डुबाकर मार दूंगा। फिर मैंने डर के मारे अपनी मौसी के लड़के के पास फोन करके पैसे मांगे और राहुल के बताए गए नंबर पर 1500 रूपये डलवाए। उसके बाद राहुल ने मेरे साथ मारपीट करके गाँव में लाकर गाँव के अड्डे पर छोड़ दिया और कहा कि और पैसे का इंतजाम कर लेना नहीं तो अंजाम बुरा होगा। इस घटना का भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के अंतर्गत थाना सदर गोहाना मे अभियोग अंकित किया गया।
थाना सदर गोहाना की अनुसंधान टीम में नियुक्त उप निरीक्षक रत्तन सिंह ने अपनी पुलिस टीम के साथ कार्यवाही करते हुए घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी राहुल उर्फ़ लेफ्टी निवासी गांव महमूदपुर जिला सोनीपत को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी से चाकू, 1500 रूपये व घटना में प्रयुक्त गाड़ी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय मे पेश करके न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया है।
