किसानों द्वारा रूखी छिछड़ाना रोड काटने को पुलिस को शिकायत, केस दर्ज
गोहाना :- खेतों से बरसात के पानी की निकासी को लेकर किसानों द्वारा रूखी छिछड़ाना रोड पर कट लगाने के मामले में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। क्षेत्र में मंगलवार रात को तेज बारिश से खेतों में जलभराव हो गया है। रूखी और छिछड़ाना गांव के खेतों में अन्य गांवों की अपेक्षा अधिक जलभराव है। यहां पानी का स्तर करीब छह फीट तक है। पानी निकासी के लिए बुधवार को कुछ ने जेसीबी मशीन से रोड को काट दिया। इसकी सूचना मिलने पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बुधवार को निरीक्षण किया था। पुलिस को दी शिकायत में एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि रोड पर कट रूखी गांव के किसानों द्वारा लगाया गया है। रोड पर कट 32 से 40 फीट लंबा है। कट लगाने से पानी के साथ रोड की मिट्टी भी बह गई है। इससे पीडब्ल्यूडी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। एसडीओ अशोक कुमार ने हरियाणा रोड इंफ्रॉस्ट्रक्चर प्रोटेक्शन एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही रोड पर कट लगाने वाले किसानों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



