वेतन विसंगतियों के विरोध में विभागों में कार्यरत जेई की पेन डाउन हड़ताल शुरू
गोहाना :- वेतन विसंगतियों के विरोध में बुधवार से विभागों में कार्यरत जेई ने पेन डाउन हड़ताल शुरू कर दी। जेई वर्ग की हड़ताल गुरुवार को भी रहेगी। मांगों को लेकर जेई गुरुवार को सोनीपत रोड स्थित कैनाल रेस्ट हाउस में एकत्रित होंगे। रेस्ट हाउस में मीटिंग के दौरान आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के डिविजनल सचिव मनीष ने कहा कि उनके वेतन में काफी विसंगतियां हैं। जेई के बाद उनकी पदोन्नति एसडीओ के पद पर होती है। एसडीओ पद पर पदोन्नति का केवल एक ही स्टैप है, जबकि उनका वेतन एसडीओ से तीन स्टैप कम है। उनका वेतन एसडीओ पद से केवल एक स्टैप ही कम होना चाहिए। अधिक अंतर होने के कारण उन्हें पदोन्नत होने पर पद अनुसार वेतन का लाभ नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि उन्हें एसीपी का लाभ भी समय पर नहीं मिलता है। एसीपी का लाभ लेने के लिए उन्हें परीक्षाएं देनी पड़ती हैं, जबकि अन्य विभागों में यह औपचारिकता नहीं निभाई जाती है। उन्होंने सरकार से वेतन विसंगतियां दूर कर वेतन वृद्धि देने की मांग की।



