सिविल रोड कॉलेज मोड़ के पास बनेगा गुरु सुदर्शन द्वार ; नगर परिषद इस के लिए 36 लाख रुपये खर्च करेगी
गोहाना :- शहर में राजकीय महिला कॉलेज के नजदीक सिविल रोड जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगा। नगर परिषद ने इसके लिए 36 लाख रुपए का एस्टीमेट तैयार किया है। यहां द्वार बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं।
नप प्रशासन शहर को सुंदर बनाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। इसके तहत नप द्वारा सड़कों के साथ महापुरुषों के चौकों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इसी के चलते न प्रशासन ने अब सिविल रोड पर गुरु सुदर्शन द्वार बनाने का निर्णय लिया है। यह सिविल रोड अनाज मंडी के साथ बरोदा रोड समेत विभिन्न कॉलोनियों, शहर व जींद रोड को आपस में जोड़ता है। ऐसे में यहां वाहनों का दिनभर आवागमन रहता है। इसी रोड पर नप कार्यालय भी बना हुआ है। इस द्वार के निर्माण की प्रक्रिया बीते साल से चल रही है, क्योंकि नप हाउस की पहली बैठक में इसका एजेंडा पास किया गया था। उसके बाद नप प्रशासन ने इसका कुरुक्षेत्र की एक एजेंसी से डिजाइन तैयार कराया है। अब इसका टेंडर भी जारी कर दिया है, जिसके निर्माण पर 36.11 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
जल्द शुरू कराया जाएगा गुरु सुदर्शन द्वार का निर्माण ^नगर परिषद द्वारा शहर की सुंदरता और स्वच्छता को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी के तहत विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सिविल रोड पर बनने वाला गुरु सुदर्शन द्वार भव्य और आकर्षक होगा। इसका टेंडर जारी कर लिया है। जल्द ही एजेंसी से इसका निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा। – रजनी विरमानी, चेयरपर्सन, नगर परिषद, गोहाना



