सिंचाई विभाग ने निकलवाया 850 एकड़ से बरसात का अतिरिक्त पानी ; अब 3 गावों के 150 एकड़ में बचा
गोहाना : सिंचाई विभाग ने उपमंडल के विभिन्न गांवों में 850 एकड़ से बरसात का अतिरिक्त पानी निकलवा दिया है। अधिकारियों के अनुसार अब केवल 3 गांवों के खेतों में बरसात का पानी बचा हुआ है। इन गांवों में करीब 150 एकड़ ही जलभराव से प्रभावित है। अधिकारियों ने 4 दिनों में इन खेतों से भी पानी निकासी के निर्देश दिए हैं।
क्षेत्र में बीते करीब एक सप्ताह से अधिक बरसात नहीं हुई है। बरसात नहीं होने की स्थिति में भी क्षेत्र के कई गांवों के किसानों को फायदा हुआ है। बरसात नहीं होने पर सिंचाई विभाग ने खेतों में भरे हुए बरसात के अतिरिक्त पानी की निकासी करवा दी है। खेतों में करीब दो फीट तक पानी भरा हुआ था। जलभराव के कारण किसानों की फसलें खराब हो रही थी। जलभराव को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी खेतों का निरीक्षण किया था। सिंचाई विभाग ने स्थाई और अस्थाई पंप लगाकर उपमंडल के ज्यादातर गांव से खेतों में भरे अतिरिक्त पानी की निकासी करवा दी है।
अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में करीब 1000 एकड़ में जलभराव हुआ था। इसमें से 850 एकड़ से पानी की निकासी करवा दी गई है। अब केवल खानपुर कलां, लाठ और रभड़ा गांव के करीब 150 एकड़ में जलभराव की स्थिति है। गांव के खेतों में पानी का स्तर एक से डेढ़ फीट तक है।
उपमंडल के ज्यादातर गांव के खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी करवा दी गई है। 3 गांव के खेतों में पानी बचा हुआ है। इन खेतों से पानी की निकासी के लिए नियमित रूप से पंप चलाए जा रहे हैं। जल्द ही पानी की निकासी करवा दी जाएगी। सुजीत, एसडीओ, सिंचाई विभाग, गोहाना ।



