सरकार करेंगी गोहाना के रेलवे स्टेशन का 25 करोड़ से आधुनिकरण ; यात्रियों को स्वचालित सीढ़ियों की सुविधा मिलेगी

गोहाना :- शहर का रेलवे स्टेशन जल्द ही नए रूप में दिखेगा। इसके लिए जहां रेलवे स्टेशन की बिल्डिंगों का सुधार होगा, वहीं यात्रियों को स्वचालित सीढ़ियों की सुविधा भी मिलेगी। रेलवे स्टेशन को मॉडर्न बनाने के लिए सरकार ने 25 करोड़ रुपए खर्च करने की मंजूरी दी है। यह दावा सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश कौशिक ने दिया। वे रविवार को शहर के सेक्टर-7 स्थित कम्युनिटी सेंटर में कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन भोज कार्यक्रम में पहुंचे थे।
गोहाना का रेलवे स्टेशन काफी पुराना है। उपमंडल क्षेत्र के लोग यहां से रोहतक-भिवानी, अजमेर, हरिद्वार, चंडीगढ़, पानीपत, सोनीपत, जींद समेत विभिन्न शहरों के लिए ट्रेन के माध्यम से सफर करते हैं। इसके चलते हर रोज 5000 से अधिक लोग रेलवे स्टेशन पर यात्रा के लिए पहुंचते हैं। अब तक इस स्टेशन की बिल्डिंगों के साथ स्टाफ क्वार्टर भी काफी पुराने थे।
हालांकि विभाग ने यहां अतिरिक्त स्टाफ क्वार्टरों का निर्माण तो करा दिया है, लेकिन प्लेटफार्म का नवीनीकरण करना अभी बाकी है। अब सरकार ने रेलवे स्टेशन परिसर के नवीनीकरण के लिए 25 करोड़ रुपए खर्च करने की मंजूरी दी है। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि रेलवे स्टेशन को मॉडर्न रूप दिया जाएगा। इसके तहत यात्रियों को यहां स्वचालित सीढ़ियों की भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा।



