Breaking NewsCrimeSonipat

नई नवेली दुल्हन घर से जेवरात, कीमती सामान व कैश सब कुछ लेकर हुई फरार

भगोड़ी दुल्हन का कारनामा : पति व सास को नशीला पदार्थ पिला जेवर व दो लाख रुपये लेकर हुई रफूचक्कर

खरखौदा :-सोनीपत जिले के खरखौदा में शादी के अगले दिन दुल्हन रात को पति और सास को बेसुध कर फरार हो गई। 13 नवंबर को शादी हुई थी और अब 24 नवंबर को परिवार की ओर से शादी का रिसेप्शन (पार्टी) रखा गया था। सास और उसके पति को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार का कहना है कि नई नवेली दुल्हन घर से जेवरात, कीमती सामान व कैश सब कुछ ले गई है। घर में सामान बिखरा पड़ा है और संदूक भी खुली हालत में मिले हैं।

शहर के एक परिवार ने अपने 31 वर्षीय बेटे की शादी उत्तर प्रदेश के बिजनौर के एक गांव की युवती के साथ तय की थी। खरखौदा का ही एक युवक इस शादी में बिचौलिया था। उसने लड़की के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कहकर बरात न ले जाकर दूल्हे को ही परिवार के एक-दो सदस्यों के साथ लेकर चलने की सहमति बनवाई थी। इसके बाद खरखौदा से पीड़ित परिवार के दो सदस्य दूल्हे को अपने साथ लेकर उत्तर प्रदेश गए थे। 13 नवंबर को हरिद्वार में शादी का आयोजन लड़की के पिता व अन्य रिश्तेदारों की मौजूदगी में हुआ था। इसके बाद देर रात परिवार के सदस्य दुल्हा-दुल्हन को लेकर खरखौदा पहुंचे गए थे। बेटे की शादी होने से पूरा परिवार खुश था। शुक्रवार को परिवार के सदस्य जोड़े को साथ लेकर अपने पैतृक शहर पानीपत में मान्यता अनुसार मंदिर में मत्था टेककर वापस खरखौदा लौटे। इसके बाद रात को सभी अपने कमरों में चले गए थे। इस बीच नवविवाहिता ने चाय पीने की बात कही और अपने साथ पति व सास के लिए भी चाय बनाई, जबकि उनका जेठ व जेठानी सोने के लिए ऊपर अपने कमरे में जा चुके थे। इसके बाद दुल्हन ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर अपने पति व सास को पिलाई और उनके बेहोश होने पर भाग गई।
गले में बांधकर रखती थी संदूक की चाबी
युवक की मां संदूक की चाबी अपने गले में बांधकर रखती थी। दुल्हन ने उन्हें बेहोश करने के बाद गले से संदूक के ताले की चाबी निकाली और संदूक खोलकर उसमें रखे जेवर व दो लाख की नकदी निकालकर भाग गई। मामले में दूल्हे के भाई ने पुलिस को शिकायत दी है।

कथा करवाने की मांगी थी मन्नत

युवक की उम्र होने पर भी शादी नहीं हो रही थी। ऐसे में उनकी मां ने शादी होने पर कथा करवाने की मन्नत मांग रखी थी। वीरवार को मां की मुराद पूरी होने पर न केवल कथा करवाई गई, बल्कि नई-नवेली दुल्हन ने सभी को अपने हाथ से खाना बनाकर भी खिलाया था। घर में दुल्हन के आने के बाद अब परिवार के सदस्य रिसेप्शन की तैयारियां कर रहे थे। 24 नवंबर को रिसेप्शन होना था, लेकिन रात को ही दुल्हन जेवर व नकदी लेकर भाग गई।

WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.46.12 PM
WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.55.06 PM
c3875a0e-fb7b-4f7e-884a-2392dd9f6aa8
1000026761
WhatsApp Image 2024-07-24 at 2.29.26 PM

सास को दे दिए थे मुंह दिखाई में मिले रुपये
दुल्हन को मुंह दिखाई में हजारों रुपये मिले थे। उसने परिवार सदस्यों को विश्वास में लेने के लिए सारे रुपये अपनी सास को देते हुए कहा था कि वह इतने पैसे अपने पास रखकर क्या करेगी। दुल्हन की बातें सुनकर सभी खुश थे, लेकिन किसे पता था कि भोले-भाले चेहरे वाली नव नवेली दुल्हन परिवार को ही लूटने की साजिश रच रही है।

कमरे के द्वार पर खड़ी रही पत्नी
पीड़ित युवक ने बताया कि शादी के बाद 14 नवंबर को उन्होंने माता पूजन आदि की रस्में की। 15 नवंबर को वो सभी एक साथ अपने घर खरखौदा पहुंचे थे। परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाया और सोने के लिए चले गए। रात को 11 बजे के करीब उसकी पत्नी ने उसके लिए चाय बनाई। उसने चाय पी। इस बीच उसकी पत्नी ने कहा कि वो पानी पीकर आ रही है। इसके बाद वह लेट गया। कुछ देर बाद पत्नी कमरे में आई, लेकिन उसके पास नहीं आई। गेट पर ही खड़ी रही और उसे देखती रही।

पीड़ित के अनुसार उसे कुछ देर बाद नींद आने लगी, क्योंकि चाय में उसने कुछ नशीला पदार्थ मिलाया था। उससे उठा ही नहीं गया। उसकी मां को भी चाय पिलाकर बेहोश किया गया। सुबह 4 बजे उसे पता चला, लेकिन उसकी हालत इतनी खराब थी कि उसके पांव जमीन पर टिक ही नहीं रहे थे। उस समय घर पर उसकी मां के अलावा उसके भाई व भाभी भी थे। भाई-भाभी ने चाय नहीं पी थी। उसने बताया कि उसकी पत्नी ने भी चाय पी, लेकिन वह अलग से अपना कप हाथ में पकड़े हुए थी।

पीड़ित के अनुसार, सुबह 4 बजे वह किसी तरह से उठ कर बाथरुम गया। इसके बाद अपने कमरे से घर के अंदर गया तो सब कुछ बिखरा पड़ा था। मां भी बेसुध पड़ी थी। इसके बाद उसने शोर मचा कर अपने भाई व भाभी को जगाया और उनको बताया कि दुल्हन भाग गई है। घर को देखा तो संदूक व अलमारी खुले पड़े थे। उनकी मां के गले में चाबी रहती थी, वो बेसुध होने के बाद निकाल कर संदूक व अलमारी टटोले गए। सामान क्या कुछ ले गए, इसका अभी उनको पता नहीं है।

दुल्हन के पति व सास की हालत खराब थी। दोनों को खरखौदा के अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां से उनको रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। दुल्हन और उसके पिता का फोन बंद आ रहा है। मनजीत ने बताया कि अभी उन्होंने अपने साथ हुई वारदात की सूचना पुलिस को नहीं दी है। अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मामले में शिकायत मिली है, इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में जिसकी भी संलिप्तता मिलेगी उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

-सौरव, जांच अधिकारी, थाना खरखौदा

Khabar Abtak

Related Articles

Back to top button