10 बीएचपी क्षमता तक ट्यूबवेल का नहीं मिलेगा बिजली कनेक्शन

बिजली निगम उपमंडल क्षेत्र में किसानों को 10 बीएचपी क्षमता तक ट्यूबवेल कनेक्शन जारी नहीं करेगा। इनको सोलर कनेक्शन उपलब्ध करवाए जाएंगे। सोलर कनेक्शन हरेडा द्वारा जारी किए जाएंगे। योजना का लाभ देने के लिए निगम ने एक जनवरी 2019 से 31 दिसंबर 2021 तक आवेदन करने वाले किसानों को शामिल किया है।
उपमंडल के ज्यादातर किसान खेतों की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल और नहरों पर निर्भर हैं। सिंचाई विभाग के शेड्यूल के अनुसार नहरों में केवल 8 दिनों तक ही पानी छोड़ा जाता है। इसके बाद 32 दिनों तक नहरों में पानी नहीं रहता है।
ऐसी स्थिति में किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल पर निर्भर रहना पड़ता है। किसान ट्यूबवेल के लिए डीजल इंजन की तुलना में बिजली को प्राथमिकता देते हैं। ट्यूबवेल कनेक्शनों की संख्या बढ़ने से निगम की लाइनों पर लगातार लोड बढ़ रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए निगम 10 बीएचपी तक क्षमता के कनेक्शन के लिए बिजली कनेक्शन जारी नहीं करेगा। निगम इन किसानों को हरेडा के माध्यम से सोलर कनेक्शन उपलब्ध करवाएगा। किसानों को केवल 10 बीएचपी से ज्यादा क्षमता के कनेक्शनों के लिए ही बिजली का कनेक्शन मिलेगा।
खेतों के लिए शेड्यूल खेतों में बिजली सप्लाई के लिए निगम ने 8 घंटे का शेड्यूल बनाया है। किसानों को सिंचाई के लिए हर समय बिजली सप्लाई की जरूरत रहती है। बिजली सप्लाई का शेड्यूल कम होने के चलते किसानों को ट्यूबवेल चलाने के लिए दूसरे दिन तक इंतजार करना पड़ता है। अब सोलर कनेक्शन होने पर किसान अपनी जरूरत के आधार पर ट्यूबवेल को चला सकेंगे।
सोलर कनेक्शन से किसानों को होगा फायदा ^निगम की योजना के अनुसार 10 बीएचपी क्षमता के कनेक्शनों के लिए ही सोलर कनेक्शन जारी किया जाएगा। इससे किसानों की बिजली पर निर्भरता खत्म होगी। -धर्मबीर, एक्सईएन, बिजली निगम, गोहाना



