पीडब्ल्यूडी ने कथूरा में गड्ढ़े भरने के लिए डलवाया रोडा ; मिट्टी नहीं होने के कारण धँसा ट्रॉला
गोहाना :- पीडब्ल्यूडी ने कथूरा में अड्डे पर गड्ढे भरने के लिए रोडा डलवा दिया। इसके साथ मिट्टी नहीं होने के कारण सोमवार को ट्रॉला धंस गया। इससे रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। धंसे हुए ट्राले को निकालने के लिए क्रेन मंगवानी पड़ी। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी से गड्ढों की समस्या के स्थाई समाधान के लिए कंक्रीट डलवाने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के मुख्य अड्डे पर करीब तीन फीट तक गहरे गड्ढे बने हुए थे। बीते कई दिनों से बरसात हो रही है। बरसात के कारण गड्ढों में जलभराव हो गया था।
इससे वाहन चालकों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी। गहराई अधिक होने के कारण वाहन गड्ढों में फंस जाते थे। पीडब्ल्यूडी ने गड्ढे भरने के लिए उनमें रोडा डलवा दिया। महम रोड को राज्य हाइवे का दर्जा प्राप्त है। इसके चलते यहां से भारी वाहनों की भी आवाजाही होती है। सोमवार को एक बड़ा ट्रॉला गड्ढों में डाले गए रोडे में धंस गया। चालक द्वारा काफी मशक्कत करने के बाद भी ट्रॉला नहीं निकला। बाद में क्रेन मंगवाकर ट्राले को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों से रोड का नवनिर्माण करवाने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। कथूरा गांव में अड्डे पर धंसा हुआ ट्राला।



