गोहाना :- रोडवेज विभाग ने हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए गोहाना सब-डिपो से एक स्पेशल बस चलाई है। बस प्रतिदिन सुबह 10.30 बजे हरिद्वार के लिए रवाना होगी। स्पेशल बस चलने से हरिद्वार रूट पर अब बसों की संख्या दो हो गई है। स्पेशल बस केवल सावन माह के लिए ही चलाई जाएगी।
सावन का महीना चला हुआ है। सावन माह में हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लाने के लिए प्रतिदिन हरिद्वार पहुंच रहे हैं। बस अड्डे से हरिद्वार के लिए केवल एक ही बस चलती थी। बस जाने के बाद हरिद्वार के लिए यात्रियों को दूसरे जिलों की बसों पर निर्भर रहना पड़ता था। वहीं यात्रियों को पहले पानीपत जाकर हरिद्वार के लिए बस पकड़नी पड़ती थी। यात्रियों द्वारा बीते कई दिनों से सावन माह के लिए बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही थी। डीआई राकेश सैनी ने बताया कि यात्रियों की मांग पर रोडवेज अधिकारियों ने हरिद्वार के लिए एक स्पेशल बस चलानी शुरू कर दी है।



