बनवासा गांव में 11 वीं के छात्र की छाती में चाकू घोंपा
गोहाना :-27 जुलाई : शहर के जे. के. आर. स्कूल में कक्षा 11 के एक छात्र की छाती में चाकू घोंप दिया गया। यह छात्र बनवासा गांव का है। उसी के गांव के एक आरोपी और पड़ोसी गांव कोहला के आरोपी पर बरोदा थाने में केस दर्ज कर लिया गया। यह केस नाबालिग छात्र के अध्यापक पिता के बयान पर दर्ज किया गया है।
सुनील पुत्र सुरेश बनवासा गांव का रहने वाला है। वह गोहाना के जे.के.आर. पब्लिक स्कूल में नौकरी करता है। इसी स्कूल में सुनील का 17 साल का लड़का जतिन कक्षा 11 का छात्र है। सुनील ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका बेटा जतिन अपने दोस्त वंश पुत्र विकास, जो बनवासा गांव का ही रहने वाला है, के साथ अपने खेत के पास कोहला गांव को जाने वाली सड़क के निकट जामुन के पेड़ से जामुन खा रहे थे। उसी समय बाइक पर वहां दो लड़के आए। इनमें से एक लड़का सन्नी पुत्र सत्यवान बनवासा गांव का रहने वाला है और दूसरा लड़का प्रिंस कोहला गांव का है।
आरोप है कि प्रिंस ने कहा कि सन्नी को भी अपने साथ गांव में ले जाना, इस पर जतिन के मना करने पर वह भड़क उठा। प्रिंस ने जेब से चाकू निकाला और उसे जतिन के सीने में घोंप दिया। उसके बाद प्रिंस जतिन का इलाज करवाने के लिए अपनी बाइक पर बैठा कर उसे कोहला गांव में एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गया। उस डॉक्टर ने इलाज करने से मना कर दिया। तब प्रिंस जतिन को बाइक पर ही गांव खानपुर कलां में ले गया
तथा वहां उसने उसे महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में दाखिल करवा दिया। उसने जतिन को धमकाया कि किसी को भी नहीं कहना कि चाकू लगा है, यह कहना कि मैं पेड़ से गिर गया था तथा मुझे तब जमीन में गड़ा हुआ सरिया लग गया। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए।
सुनील ने अपने बेटे जतिन द्वारा पूरी बात बताने पर पुलिस से संपर्क किया। इस पर बरोदा थाने में कोहला गांव के प्रिंस और बनवासा गांव के सन्नी पर केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है ।


