खानपुर कलां गांव के खेतों से निकासी करवाने के लिए किये दो पंप चालू
गोहाना :- क्षेत्र में बीते कई दिनों से हो रही बरसात से खानपुर कलां गांव के खेतों में जलभराव हो गया है। खेतों में करीब पांच इंच तक पानी भरा हुआ है। किसानों की मांग पर सिंचाई विभाग ने खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी करवाने के लिए दो पंप चालू किए हैं। अधिकारियों ने दो दिनों में खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी करवाने का दावा किया है।
खानुपर कलां गांव में बीपीएस महिला विवि के नजदीक खेतों में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके चलते बरसात का पानी खेतों में ही भरा हुआ है। खेतों में किसानों ने धान की पौध लगाई हुई है। पौध छोटी होने के कारण अधिक पानी में डूबने से नष्ट हो जाती है।
खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी करवाने के लिए गांव के किसान बीते सप्ताह सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मिले थे। क्षेत्र में हो रही बरसात को देखते हुए अधिकारियों ने चिह्नित गांवों में अभी से मोटरें भेजनी शुरू कर दी हैं। अलग-अलग गांवों की 13 साइटों पर 22 मोटर भेजी गई हैं।
^खानपुर कलां गांव में खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए दो पंपसेट चालू करवा रखे हैं। जल्द ही खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी करवा दी जाएगी। अन्य चिह्नित गांवों में भी मोटर भेजी जा रही हैं। प्रयास है कि इस बार किसानों को बरसात सीजन में खेतों में जलभराव का सामना न करना पड़े। सुजीत, एसडीओ, सिंचाई विभाग, गोहाना



