प्रॉपर्टी आईडी व टैक्स में खामियां ठीक कराने के लिए नप द्वारा लगाए शिविरों में 95 लोग अपने ऑब्जेक्शन लेकर पहुंचे
गोहाना :- प्रॉपर्टी आईडी व टैक्स में खामियां ठीक कराने के नप द्वारा शनिवार को कार्यालय परिसर व मुगलपुरा स्थित दुर्गा भवन मंदिर में विशेष शिविर लगाए। इन शिविरों में 95 लोग अपने ऑब्जेक्शन लेकर पहुंचे, जिनका अधिकारियों ने जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। शहर में नप के अंतर्गत करीब साढ़े 33 हजार प्रॉपर्टी हैं। बीते दिनों यह प्रॉपर्टी एक कंपनी के सर्वे करने के बाद 27 हजार से बढ़कर हुई थीं, लेकिन तब से बहुत से लोगों की प्रॉपर्टी आईडी में नाम, जगह समेत अन्य खामियां मिल रही हैं। इसके अलावा प्रॉपर्टी टैक्स भी अधिक आ रहा है।
ऐसे में जहां नप प्रशासन खामियों को ठीक करने के लिए जहां विशेष शिविर लगा रहा है, वहीं जिनकी खामियां ठीक हो रही हैं, उनका प्रॉपर्टी एसेसमेंट सर्वे भी करवा रहा है। इसी के तहत नप प्रशासन ने शनिवार को नप कार्यालय के साथ मुगलपुरा स्थित दुर्गा भवन मंदिर में शिविर लगाए गए। दोनों शिविरों में 90 लोगों ने अपनी प्रॉपर्टी आईडी में खामियां ठीक कराने के लिए ऑब्जेक्शन दिए। इनमें अधिकतर दूसरे के नाम प्रॉपर्टी दर्ज होने, मकान की जगह दुकान दिखाने, एरिया गलत करने के ऑब्जेक्शन शामिल रहे। इस पर नप प्रशासन ने उन्हें 25 जुलाई तक सभी ऑब्जेक्शन का समाधान करने का आश्वासन दिया।



