गोहाना | शहर में गुढ़ा रोड स्थित आर्य समाज मंदिर में 9 जुलाई को वेद प्रचार के लिए मासिक वैदिक सत्संग का आयोजन किया जाएगा। मंदिर कमेटी के पदाधिकारी धर्मपाल सिंह आर्य ने बताया कि सत्संग में मुख्य वक्ता आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के अधिष्ठाता रमेश आर्य और भजनोपदेशक कुलदीप आर्य उपदेश देंगे। सत्संग के शुभारंभ पर मंदिर में सुबह आठ बजे यज्ञ किया जाएगा। सत्संग की समाप्ति पर मंदिर में भंडारा लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भौतिक उन्नति की दौड़ में मानव के नैतिक मूल्यों का पतन होता जा रहा है। मानव नास्तिकता की ओर बढ़ता जा रहा है, जिससे समाज में भ्रष्टाचार और पाखंड आदि बुराइयां बढ़ रही हैं। समाज में सुख शांति का वातावरण बनाने के लिए वेद ज्ञान के प्रचार की आवश्यकता है।



