कटवाल मोड़ के पास एक चालक ने गाड़ी को अचानक ब्रेक लगा दिए ; बाइक की उसमें टक्कर हो गई ;हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, पिता बाल-बाल बच गया।
गोहाना :- खरखौदा-गोहाना रोड पर कटवाल मोड़ के पास एक चालक ने गाड़ी (छोटा हाथी) के अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे से आ रही बाइक की उसमें टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पिता बाल-बाल बच गया। इसको लेकर सदर थाना की पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। भैंसवाल कलां गांव निवासी किसान कृष्ण चंद्र ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को बेटे विक्रम के साथ बाइक पर गोहाना जा रहा था।
बाइक विक्रम चला रहा था। देर शाम करीब सवा आठ बजे खरखौदा-गोहाना रोड पर कटवाल मोड़ से थोड़ा आगे पुलिया के पास सामने चल रहे गाड़ी चालक ने अचानक से ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी बाइक गाड़ी में जा टकराई। इससे गंभीर रूप से घायल होने से विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई। चालक अपनी गाड़ी को लेकर वहां भाग गया। राहगीरों की मदद से अपने बेटे का शव बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।



