डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने शहर में रैपिड सर्वे किया शुरू, अस्पताल में बनाया 4 बैड का डेंगू वार्ड
गोहाना :-2 मई : बदलते मौसम में डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने शहर में रैपिड सर्वे शुरू किया है। सर्वे के दौरान विभाग के कर्मचारी 10 मई तक घर-घर जाकर लोगों की जांच के लिए रक्त स्लाइड तैयार करेंगे।
मरीजों को उपचार सुविधा देने के लिए अस्पताल में 4 बैड का डेंगू वार्ड भी तैयार किया गया है। हांलाकि अस्पताल में डेंगू की जांच को लेकर सुविधा नहीं है। बुखार से पीड़ित व्यक्ति में डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर उसे जांच के लिए महिला मेडिकल कॉलेज या सिविल अस्पताल सोनीपत रेफर कर दिया जाएगा।
मौसम में हो रहे बदलाव से मच्छरों के पनपने का खतरा बना हुआ है। मौसम बदलने से अस्पताल में खांसी, जुकाम व बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने ्से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड़ मे है। एसएमओ ने ओपीडी में जांच के लिए आने वाले बुखार से पीड़ित मरीजों की स्लाइड तैयार कर जांच के निर्देश जारी किए हैं। जांच के दौरान मरीज में डेंगू के संभावित लक्षण मिलने पर उसे डेंगू की पुष्टी करने के लिए महिला मेडिकल कॉलेज या सिविल अस्पताल, सोनीपत भेजा जाएगा।
डेंगू की जांच को लेकर प्राइवेट लैब और अस्पताल संचालक मरीजों से मनमानी फीस नहीं ले सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने प्राइवेट अस्पतालों और लैब के लिए रेट भी निर्धारित कर दिया है। विभाग ने डेंगू जांच की फीस 600 रुपए निर्धारित की है। प्राइवेट लैब संचालक डेंगू जांच की फीस 600 रुपए से अधिक नहीं ले सकेंगे। मरीज से अधिक फीस लेने की स्थिति में लैब अथवा अस्पताल संचालक पर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने शहर की 5 कॉलोनियों को डेंगू और मलेरिया को लेकर संवेदनशील घोषित किया है। इनमें गौतम नगर, पुरानी अनाज मंडी, आर्य नगर, दरियापूर बस्ती, गांधी नगर शामिल है। अधिकारियों के अनुसार बीते वर्ष उपमंडल में 10 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई थी।
डेंगू की रोकथाम के लिए किया जा रहा है कार्य। ^डेंगू की रोकथाम को लेकर शहर में रैपिड सर्वे किया जा रहा है। कर्मचारी ब्लड स्लाइड तैयार करने के साथ-साथ लोगों को बीमारी से बचने के तरीके भी बता रहे हैं। मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में अलग से वार्ड तैयार कर लिया गया है। डॉ. दिनेश छिल्लर, एसएमओ, सिविल अस्पताल, गोहाना।


