‘सर्वे भवन्तु सुखिन:’ थीम पर लाला पन्नालाल स्मृति व्याख्यानमाला के तहत सेमिनार 15 मार्च को
साध्वी रितंभरा होंगी मुख्य वक्ता

दिल्ली, (अनिल जिंदल) 14 मार्च । सनातन मूल्यों की पुनर्स्थापना के लिए प्रतिबद्ध और हर देशवासी को भारतीयता की संस्कृति से रुबरू व एकाकार करवाने के मिशन में वर्षों से कार्यरत संस्था ‘चेतना’ (सुरभि सनातन की) की ओर से रविवार,15 मार्च को एक और दिव्य, भव्य एवं विराट कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम के निमत्रण हेतू सोनीपत पहुँचे ‘चेतना’ के अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि राजेश चेतन ने यहां जारी प्रेस बयान में बताया कि ‘चेतना’ की ओर से लाला पन्नालाल सिंघल स्मृति व्याख्यान माला (10.0) के तहत 76 वें सेमिनार का आयोजन रविवार 15 मार्च को इस्कॉन मंदिर, रोहिणी सैक्टर 25, दिल्ली में किया जाएगा। इसमें मुख्य वक्ता विश्व प्रसिद्ध धर्म प्रचारक, उपदेशक, सामाजिक ताने-बाने की कुशल शिल्पकार और वात्सल्य ग्राम की संस्थापक साध्वी ऋतंभरा होंगी। सेमिनार की थीम रखी गई है ‘सर्वे भवन्तु सुखिन:’।
गोल्डन मसाले के निर्माताओं ने सेमिनार के प्रायोजक का दायित्व संभाला है। सुबह साढ़े नौ बजे शुरू होने वाले सेमिनार की अध्यक्षता एकल संस्थान की चेयरपर्सन मंजू श्रीवास्तव करेंगी तथा इस्कान, रोहिणी के अध्यक्ष केशव मुरारी दास विशिष्ट अतिथि होंगे। रोहिणी के पूर्व विधायक जयभगवान अग्रवाल दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। गोल्डन मसाले के चेयरमैन अनिल सिंघल इस कार्यक्रम में स्वागताध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहेंगे।



