हरियाणा व पंजाब हाईकोर्ट बार चुनाव को लेकर पोलिंग स्टाफ को दिया गया प्रशिक्षण
बेल्ट पेपर के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी चुनावी प्रक्रिया, चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए पांच पोलिंग बूथ जिला में बनाए जाएंगे


सोनीपत, (अनिल जिंदल) 13 मार्च। हरियाणा एवं चंडीगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से सोनीपत में पोलिंग स्टाफ को प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र के नेतृत्व में आयोजित किया गया। जिसमें मास्टर ट्रेनर संजय श्योराण ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी।
मास्टर ट्रेनर संजय श्योराण ने बताया कि प्रत्येक पोलिंग बूथ पर एक पोलिंग ऑफिसर, एक सहायक पोलिंग ऑफिसर तथा एक सुपरवाइजर/पीठासीन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सोनीपत में मतदान के लिए कुल पांच पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें से तीन पोलिंग बूथ सोनीपत कोर्ट परिसर में स्थापित किए जाएंगे, जहां सोनीपत, खरखौदा और राई के अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके अतिरिक्त चौथा पोलिंग बूथ गन्नौर कोर्ट परिसर तथा पांचवां पोलिंग बूथ गोहाना कोर्ट परिसर में बनाया जाएगा।
मास्टर ट्रेनर ने बताया कि इस चुनाव में मतदान प्रक्रिया बैलट बॉक्स के माध्यम से बैलट पेपर द्वारा संपन्न करवाई जाएगी। चुनाव के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए वोटर कम्पार्टमेंट बनाए जाएंगे। सोनीपत में तीन से पांच वोटर कम्पार्टमेंट स्थापित किए जाएंगे, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। प्रशिक्षण के दौरान चुनाव टीम की जिम्मेदारियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी मतदान से एक दिन पूर्व पोलिंग बूथ पर पहुंचकर आवश्यक तैयारियां पूरी करेंगे तथा रात्रि विश्राम भी बूथ पर ही करेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि 18 मार्च को प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक हरियाणा व पंजाब हाईकोर्ट बार के चुनाव की प्रक्रिया जिलों में संपन्न करवाई जाएगी। मतदान के दौरान मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बार द्वारा जारी पहचान पत्र, बार द्वारा जारी प्रमाण पत्र, वोटर आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से कोई एक पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
मास्टर ट्रेनर संजय श्योराण ने बताया कि इस बार चुनाव प्रक्रिया में बैलट बॉक्स को सील करना, संबंधित उम्मीदवारों के हस्ताक्षर लेना तथा मतदाताओं की पहचान सत्यापित करना सभी औपचारिकताएं निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव को लेकर अंतिम प्रशिक्षण 17 मार्च को मिनी सचिवालय, सोनीपत में आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में पहली बार प्रशासन की भूमिका बार चुनाव में सुनिश्चित की गई है। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार चुनाव प्रक्रिया को चुनाव विभाग द्वारा प्रशासन की सहायता से संपन्न कराया जा रहा है, जिसके तहत इस बार हरियाणा व पंजाब एवं चंडीगढ़ हाईकोर्ट बार के चुनाव निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराए जाएंगे।
मुख्य चुनाव अधिकारी हरियाणा ए. श्रीनिवास ने हरियाणा एवं पंजाब हाईकोर्ट बार के चुनाव की तैयारी पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की समीक्षा
मुख्य चुनाव अधिकारी हरियाणा ए. श्रीनिवास ने हरियाणा एवं पंजाब हाई कोर्ट बार के चुनाव को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला स्तर पर बनाए गए मतदान केंद्रों (बूथों) की व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाया जाए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। अधिकारियों को मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और अधिवक्ताओं को सुचारू रूप से मतदान करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।



